महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 अगस्त। जिले के सरायपाली ब्लॉक के सेवा सहकारी समिति केना में 1.77 करोड़ के बड़ फर्जीवाड़े में तथ्य सामने आया है कि यहां किसानों के रकबे में कूटरचना कर उनके नाम पर फर्जी तरीके से किसान क्रेडिट कार्ड केसीसी लोन निकाल लिया गया है। इस पूरे मामले में कई पीडि़त किसान ऐसे हैं, जिन्हें उनके नाम पर निकले लोन की खबर तक उन्हें नहीं है। यहां तक कि मृत किसानों और दूसरे समिति क्षेत्र के किसानों के नाम पर भी लोन जारी कर दिया गया है। इस मामले में अब तक बैंक के 5 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है। जबकि पीडि़त किसानों ने एफ आईदर्ज कराने की मांग की थी।
किसानों का कहना है कि दोषी कर्मचारियों के बचाव में अफसर लग गए है। गौरतलब है कि मामले में कलेक्टर विनय लंगेह ने तीन सदस्यीय जांच दल का गठन किया था। जांच रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि वर्ष 2023-24 में एक संगठित गिरोह की तरह इस पूरे घोटाले को अंजाम दिया गया।
किसानों ने जांच दल के सामने स्पष्ट बयान दिया है कि उनकी बिना सहमति और जानकारी के यह लोन निकाला गया है। जांच में केना समिति के तत्कालीन समिति प्रभारी भीष्मदेव पटेल, तोरेसिंहा ब्रांच के तत्कालीन सुपरवाइजर श्याम सुंदर पटेल,वर्तमान सुपरवाइजर राजकुमार प्रधान, ब्रांच मैनेजर युवराज नायक,कनिष्ठ लिपिक हीरा सिंह ध्रुव और प्रभारी लेखापाल खिलेश्वर साहू को दोषी पाया गया है।
जिला सहकारी केन्द्रीय मर्यादित बैंक रायपुर की सीईओ अपेक्षा व्यास का कहना है कि कलेक्टर ने सेवा सहकारी समिति केना की जांच कराई थी। जिसमें 1 करोड़ 77 लाख की फर्जीवाड़ा सामने आया है और इसमें बैंक के 5 कर्मचारी और एक समिति के कर्मचारी की संलिप्तता सामने आई है। इसके आधार पर अभी फिलहाल बैंक के 5 कर्मचारियों को निलंबित किया गया है और समिति के एक कर्मचारी पर कार्रवाई के लिए डीआर को पत्र भेजा जा रहा है।