महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 अगस्त। महासमुंद जिले के बसना में भारत स्काउट्स व गाइड्स ने एक राखी सैनिक के नाम अभियान के तहत अपने हाथों से 651 आकर्षक स्वदेशी राखियां तैयार की है। ये राखियां सरहद पर तैनात देश के वीर जवानों तक भेजी जाएंगी।
यह अभियान भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के अध्यक्ष गजेंद्र यादव व राज्य मुख्य आयुक्त इंद्रजीत सिंह गोल्डी के आह्वान और जिला मुख्य आयुक्त येतराम साहू व डीईओ बीएल देवांगन के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बसना, सेंट स्टीफन मॉडर्न स्कूल जगदीशपुर और दुलारपाली भंवरपुर की छात्राओं ने शिक्षकों के मार्गदर्शन में स्वदेशी सामग्री से राखियां बनाईं। बेटियों ने हर राखी के साथ सैनिकों के नाम भावनात्मक पत्र भी लिखे। इन संदेशों में जवानों के साहस और राष्ट्रसेवा के प्रति आभार जताते हुए उनके सुरक्षित और स्वस्थ रहने की कामना की गई। तैयार की गई सभी 651 राखियां ब्लॉक सचिव विवेकानंद दास को सौंपी गईं। जिन्हें राज्य मुख्यालय के माध्यम से देश की सीमाओं पर तैनात सैनिकों तक भेजा जाएगा।
अभियान में शामिल छात्रा नेहादास, जागेश्वरी, दिशा सामल और करीना साहू ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि अपने परिवार से दूर रहकर हमारी रक्षा करने वाले जवानों तक अपनी राखी पहुंचाना उनके लिए गर्व की बात है।