महासमुन्द

लोहारडीह सडक़: वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं, स्कूली बच्चे साइकिल कंधे पर उठाकर चलते हैं, यूनिफॉर्म भी गंदी हो जाती है
06-Aug-2026 4:30 PM
लोहारडीह सडक़: वाहन कीचड़ में फंस जाते हैं, स्कूली बच्चे साइकिल कंधे पर उठाकर चलते हैं, यूनिफॉर्म भी गंदी हो जाती है

जगह-जगह जानलेवा गड्डों के कारण एम्बुलेंस भी नहीं आ पाती

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 6 अगस्त। ग्रामीण अंचलों में सुगम आवागमन के दावों के बीच महासमुंद ब्लॉक के ग्राम पंचायत लोहारडीह से एक गंभीर जनसमस्या सामने आई है। गांव की मुख्य सडक़ें इतनी जर्जर और बदहाल हो चुकी हैं कि अब यहां पैदल चलना भी जोखिम से कम नहीं रह गया है। सडक़ों पर जगह-जगह उभरे जानलेवा गड्डों के कारण ग्रामीणों का दैनिक जीवन अस्त.व्यस्त हो गया है। इस विकट समस्या से निजात पाने के लिए ग्राम पंचायत लोहारडीह ने जिला प्रशासन का दरवाजा खटखटाया है।

उपसरपंच चेनेसकांत डहरिया ने बताया कि सडक़ों की खस्ताहाली का सबसे बुरा असर स्कूली छात्र-छात्राओं और मरीजों पर पड़ रहा है। प्रतिदिन स्कूल जाने वाले बच्चों को हिचकोले खाती सडक़ों से होकर गुजरना पड़ता है। इससे हादसों का डर बना रहता है। सबसे चिंताजनक स्थिति आपातकालीन समय में बनती है। प्रसव पीडि़ता महिलाओं या गंभीर मरीजों को अस्पताल ले जाने के लिए 108 एंबुलेंस को समय पर गांव पहुंचने में भारी मशक्कत करनी पड़ती है। कीचड़ के कारण वाहन रास्ते में ही फंस जाते हैं। बारिश होने पर स्कूली बच्चों को साइकिल कंधे पर उठाकर चलना पड़ता है, यूनिफॉर्म भी गंदी हो जाती है।

               गांव की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए ग्राम पंचायत ने 17 किलोमीटर लंबी तीन प्रमुख सडक़ों के डामरीकरण की स्वीकृति मांगी है। लोहारडीह से बंजारी-तुमगांव मार्ग की 7 किमी सडक़ की हालत अत्यंत दयनीय हो चुकी है। यह मुख्य संपर्क मार्ग है। यहां से रोजाना सैकड़ों ग्रामीणों की आवाजाही होती है। इसी तरह स्वागत द्वार से पालकदेही मंदिर तक 5 किमी सडक़ का भी बुरा हाल है।

बरसात में स्थिति और खराब हो जाती है। कीचड़ के चलते आवागमन मुश्किल हो जाता है। यह मार्ग श्रद्धालुओं,स्थानीय लोगों के लिए अहम है। वहीं शहीद वीरनारायण सिंह बांध से लोहारडीह पंचायत भवन तक 5 किमी सडक़ भी खस्ताहाल है। उबड़-खाबड़ होने से वाहन नहीं चल पाते। यह कृषि कार्यों से जुड़ा प्रमुख रास्ता है। जगह-जगह खतरनाक गड्ढे हो गए हैं। बारिश होने पर इन गड्डों में पानी भर जाता है। किसान वाहन से खाद-बीज लेकर खेत तक छिडक़ाव करने जाते हैं। बीच रास्ते में वाहन खड़ा कर पैदल ही जाना पड़ता है। ग्रामीणों को शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद है।

लोहारडीह पंचायत और क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि सडक़ की सुधार की जाए। ग्रामीणों को शीघ्र कार्रवाई की उम्मीद है। लोहारडीह पंचायत और क्षेत्रवासियों ने जिला प्रशासन से गुहार लगाई है कि जनहित,छात्र सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को ध्यान में रखते हुए इन तीनों निर्माण कार्यों की प्रशासकीय स्वीकृति जल्द से जल्द प्रदान की जाए।


अन्य पोस्ट