महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अगस्त। जनपद पंचायत महासमुंद की उपाध्यक्ष हुलसी चंद्राकर ने अपना जन्मदिन जरूरतमंदों, बेसहारा बुजुर्गों, बालिकाओं के बीच मनाया।
उन्होंने स्वयंभू कनेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से जलाभिषेक किया। पूजा-अर्चना की। क्षेत्रवासियों की सुख.समृद्धि की कामना की। इसके बाद मंदिर परिसर में स्वच्छता अभियान चलाया। वृक्षारोपण किया। पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। धार्मिक अनुष्ठान के बाद वे माता कौशल्या वेल्फेयर फाउंडेशन पहुंचीं। वहां वृद्ध माताओं, बुजुर्गों से मुलाकात की। आशीर्वाद लिया। स्वैच्छिक सहयोग दिया।
इसके बाद दलदली रोड स्थित आशियाना वृद्धाश्रम पहुंचीं। बुजुर्गों के साथ केक काटा। जन्मदिन की खुशियां बांटीं। हुलसी चंद्राकर बेलसोंडा स्थित कस्तूरबा ट्रस्ट अनाथाश्रम भी पहुंचीं। वहां बालिकाओं के साथ केक काटा। सभी बच्चियों को नेवता भोज कराया। बालिकाओं से आत्मीय बातचीत की। उनका हौसला बढ़ाया।
हुलसी चंद्राकर ने कहा कि जीवन का वास्तविक सुख दूसरों के चेहरे पर मुस्कान लाने में है। बेसहारा लोगों के साथ खुशियां बांटना, बुजुर्गों का आशीर्वाद, बच्चों का स्नेह जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।