महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 अगस्त। अवैध रेत भरकर आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली ने खड़सा से मोहकम की ओर आ रही एक स्कूली छात्रा को कुचल दिया। पहिए के नीचे आने से छात्रा की मौके पर ही मौत हो गई। घटना बुधवार सुबह करीब 9 बजे की है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। आरोप है कि जिस ट्रैक्टर ने छात्रा को कुचला, रेत खाली कराने के बाद उसे पुलिस तुमगांव थाने ले गई।
मृतका भोज कुमारी निषाद पिता देवकुमार निषाद (14) मोहकम की रहने वाली थी। वह साइकिल से मोहकम से पीढ़ी पढऩे जा रही थी। सामने से आ रहे अवैध रेत से भरे ट्रैक्टर क्रमांक सीजी 06 एचबी 2712 ने उसे चपेट में ले लिया। इंजन के आगे के पहिए के नीचे दबने से छात्रा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। ट्रैक्टर-ट्रॉली की रफ्तार इतनी थी कि चालक अचानक सामने छात्रा को देखकर घबरा गया।
ट्रैक्टर-ट्रॉली साइकिल को घसीटते हुए 20 फीट दूर तक ले गया। ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित हो गई। सडक़ किनारे इंजन उतर गया। घटना देखकर आसपास के ग्रामीण मदद के लिए दौड़े, तब तक छात्रा की मौत हो चुकी थी।
भोज कुमारी की मौत के बाद ग्रामीणों और परिजनों ने दोषी ट्रैक्टर चालक एवं अवैध रेत माफियाओं पर सख्त से सख्त दंडात्मक कार्रवाई तथा पीडि़त परिवार को तत्काल आर्थिक मुआवजा देने की मांग की है। स्कूल समय के दौरान भारी वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगाने की पुरजोर मांग की जा रही है।
तुमगांव थाना प्रभारी विनोद कश्यप का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है। एफआईआर दर्ज कर आरोपी चालक की जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। रेत परिवहन की जानकारी नहीं है।
ज्ञात हो कि इससे पहले मंगलवार की शाम महासमुंद शहर के व्यस्त बरौंडा चौक पर एक अन्य छात्रा बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई थी। आत्मानंद आशीबाई कन्या शाला की छात्रा दिव्या कुर्रे निवासी भलेसर स्कूल छुट्टी के बाद घर लौटते समय सिग्नल खुलते ही तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आ गई थी। समय रहते स्थानीय लोगों ने छात्रा को ट्रक के नीचे से सकुशल बाहर निकाल लिया था। हलांकि घबराहट के कारण छात्रा बेहोश हो गई और उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मालूम हो कि क्षेत्र के मोहकम, सिरपुर समेत आसपास के करीब 8 गांवों में मई-जून में अवैध रेत उत्खनन होता है। इस रास्ते रेत से भरे ट्रैक्टर, माजदा, हाइवा जैसे भारी वाहन चलते हैं। मोहकम से पीढ़ी, गढ़सिवनी जाने वाला 7 किमी मार्ग खस्ताहाल हो चुका है। जगह-जगह गड्ढे हैं। चलना मुश्किल हो गया है। बरसात में गड्डों में पानी भरता है। बाइक सवार गिरते हैं। हादसों में घायल हो रहे हैं। जोबा से गढ़सिवनी का 3 किमी मार्ग सबसे ज्यादा दयनीय हो चुका है। 10 मिनट का सफर 25 मिनट में पूरा हो रहा है।
सिरपुर, मोहकम, केडियाडीह, खमतराई घाट में अक्टूबर में नदी सूखते ही महानदी से अवैध रेत उत्खनन शुरू हो जाता है। घाट से ट्रैक्टर, हाइवा, माजदा से बड़ी मात्रा में अवैध रेत निकाली जाती है। रेत माफिया गांव की सरकारी जमीन, मैदान पर अवैध रेत का भंडारण करके रखे हुए हैं। बरसात में 1 हजार की रेत को महंगे दाम पर 6-7 हजार रुपए ट्रॉली में बेच रहे हैं। शिकायत पर खनिज विभाग की टीम कार्रवाई करने पहुंचती है, लेकिन लोगों का आरोप है कि पैसे लेकर छोड़ देती है। शिकायत की जानकारी माफियाओं तक पहुंच जाती है। वे शिकायतकर्ताओं से मारपीट करते हैं। इससे अब लोग भी डरने लगे हैं।