महासमुन्द

महासमुंद ओवरब्रिज चौक पर लगेगी संत माता कर्मा की प्रतिमा , गरीब परिवारों के लिए बनेंगे आवास
04-Aug-2026 4:02 PM
महासमुंद ओवरब्रिज चौक पर लगेगी संत माता कर्मा की प्रतिमा , गरीब परिवारों के लिए बनेंगे आवास

पीआईसी की बैठक में 18 प्रस्तावों पर निर्णय

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 4 अगस्त। नगर पालिका कार्यालय में कल नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में प्रेसीडेंट इन काउंसिल पीआईसी की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर के विकास एवं जनहित से जुड़े कुल 18 एजेंडों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए। बैठक का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना और नगर को स्वच्छ, सुगम एवं विकसित बनाना रहा।

बैठक में सर्वप्रथम वार्ड 09 स्थित छिपिया पारा डबरी का राजस्व अभिलेख में नाम परिवर्तन कर वहां आसपास निवासरत गरीब परिवारों के लिए आवास बनाने, तुमगांव रोड पदुम मार्ग ओवरब्रिज प्रारंभ चौक का नामकरण मां कर्मा चौक किए जाने, पेंशनर एसोसिएशन संघ द्वारा पुराना वृद्धा आश्रम की भूमि की मांग पर सतबहनिया चौक के पास पुराने भवन को देने, सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों में कृषि उपज मंडी प्रांगण में गोवंश की सुरक्षा हेतु उन्हें अस्थायी रूप से रखे जाने, पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया गया।

इनमें से बेलसोंडा फिल्टर प्लांट हेतु इनवर्टर की खरीदी करने ताकि नगरवासियों को बिजली बंद होने पर भी पेयजल सप्लाई में परेशानी न हो, मोटर पंप व विद्युत उपकरणों की मरम्मत, इंटरलेवल मुड़ेना के उपकरणों के रख-रखाव तथा फिल्टर प्लांट के लिए हाइपोक्लोराइड और ब्लीचिंग पाउडर की खरीदी संबंधी प्रस्तावों को स्वीकृति दी गई। अध्यक्ष श्री साहू ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी और आगामी त्योहारों के मद्देनजर जल शुद्धिकरण की प्रक्रिया में कोई लापरवाही न बरती जाए,ताकि नागरिकों को शुद्ध पेयजल समय पर मिल सके।

इसी तरह अयोध्या नगर में श्रीराम किराना के सामने गार्डन निर्माण करने सहित सडक़ एवं अधोसंरचना के अंतर्गत बेलसोंडा रेलवे क्रॉसिंग के पास अनुरोध निर्माण कार्य में पेयजल पाइपलाइन के स्थानांतरण, तुमगांव रोड मार्ग ओवरब्रिज से शारदा मंदिर तक सडक़ चौड़ीकरण के दौरान पाइपलाइन शिफ्टिंग तथा वार्ड क्रमांक 29 स्थित मुक्तिधाम के सौंदर्यीकरण निर्माण कार्य पर सहमति बनी। साथ ही शासकीय कार्यालयों एवं भवनों में सेप्टिक टैंक सफाई कार्य के दर निर्धारण तथा नगर पालिका के संसाधनों को दुरुस्त करने हेतु जेसीबी एवं 3 डी एक्स के मरम्मत कार्य की पूर्व में दी गई स्वीकृति की पुष्टि भी की गई।

वहीं कर्मचारियों के हित में अनिल कुमार झा, स्वच्छता निरीक्षक एवं शुभम सोनी, सहायक राजस्व निरीक्षक को समयमान वेतनमान प्रदान किए जाने के प्रस्ताव पर निर्णय लिया गया।

बैठक में अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि नगर पालिका का ध्येय केवल विकास कार्य कराना ही नहीं, बल्कि उसे गुणवत्ता के साथ समय-सीमा में पूरा कराना है। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को निर्देशित किया कि बैठक में लिए गए निर्णयों का त्वरित क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम नागरिकों को इसका लाभ जल्द मिल सके। बैठक में नपा उपाध्यक्ष देवीचंद राठी, सभापति गुलशन साहू, सूरज नायक, जितेंद्र ध्रुव, ज्योति रिंकू चंद्राकर, सीएमओ सौरभ शर्मा, अभियंता एसडी शर्मा, राजस्व प्रभारी गुमान ध्रुव, जल प्रभारी दुर्गेश कुंजेकार, लेखपाल करण यादव, मिशन क्लीन सिटी प्रभारी नौसाद बख्श, नरेश ध्रुव, युवराज साहू, सुरेश तिवारी आदि अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।


अन्य पोस्ट