महासमुन्द

किसी के उकसावे में न आएं सफाई मित्र, तत्काल काम पर लौटें-सीएमओ
04-Aug-2026 3:08 PM
किसी के उकसावे में न आएं सफाई मित्र, तत्काल काम  पर लौटें-सीएमओ

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,4अगस्त। महासमुंद शहर में सफाई मित्रों ने घरों से कचरा उठाना बंद कर दिया है। उन्होंने दो दिन पहले ही कचरा कलेक्शन के दौरान घरों में बता दिया था कि 10-12 दिनों के लिए काम बंद कर धरने पर रहेंगे। उनका कहना है कि कचना बक्शे और रिक्शे के बिगडऩे पर पालिका के अधिकारी सुधरवाते नहीं हैं और बिगड़े बक्शे और रिक्शे में कचरा ले जाना संभव नहीं होता। इसलिए वे खुद के पैसे से बक्शा और रिक्शा सुधरवाते हैं जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान होता है। लिहाजा दो दिनों से शहर के घर-घर में कचरा सड़ रहा है। कचरा रिक्शा नहीं पहुंचने से कई घरों में सफाई के बाद कचरा सडक़ पर डाला जा रहा है। नगर पालिका परिषद महासमुंद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने बिना पूर्व सूचना कार्य बहिष्कार कर रहे सभी सफाई मित्रों से अपील की है कि वे किसी के उकसावे या भ्रामक जानकारी में न आएं तथा तत्काल अपने कार्य पर लौटकर नगर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में सहयोग करें। सीएमओ शर्मा ने बताया कि नगर की स्वच्छता व्यवस्था एक अत्यावश्यक जनसेवा है। इसके बाधित होने से आम नागरिकों के स्वास्थ्य एवं जनजीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। इसलिए बिना पूर्व सूचना के कार्य बहिष्कार करना तथा अन्य कर्मचारियों को भी कार्य छोडऩे के लिए उकसाना सेवा अनुशासन एवं अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन है। श्री शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में एक सफाई मित्र द्वारा अन्य कर्मचारियों को कार्य बहिष्कार एवं आंदोलन के लिए उकसाने का तथ्य सामने आने पर संबंधित सफाई मित्र को कार्य से पृथक कर दिया गया है। यदि भविष्य में भी कोई कर्मचारी अन्य सफाई मित्रों को भ्रमित करने, उकसाने अथवा नगर पालिका की आवश्यक सेवाओं में बाधा उत्पन्न करने का प्रयास करेगा।

 तो उसके विरुद्ध भी नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्य नगर पालिका अधिकारी ने कहा कि नगर पालिका कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए सदैव संवाद के पक्ष में हैं, किन्तु जनहित से जुड़े कार्यों को बाधित करना किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने सभी सफाई मित्रों से पुन: अपील की कि वे किसी के बहकावे में न आएं, अफवाहों पर ध्यान न दें तथा तत्काल अपने कार्य पर लौटें। जो कर्मचारी शीघ्र कार्य पर वापस लौटेंगे, उनके संबंध में नियमानुसार विचार किया जाएगा। लेकिन बिना उचित कारण कार्य से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध सेवा नियमों एवं अनुबंध की शर्तों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


अन्य पोस्ट