महासमुन्द

देशभर में ई-20 पेट्रोल को लेकर भारी असंतोष-भूपेन्द्र चंद्राकर
03-Aug-2026 2:57 PM
देशभर में ई-20 पेट्रोल को लेकर  भारी असंतोष-भूपेन्द्र चंद्राकर

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,3अगस्त। आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने पेट्रोल को लेकर केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए इसे देश के करोड़ों वाहन मालिकों के साथ जबरन थोपने की साज़िश करार दिया है। प्रदेश उपाध्यक्ष भूपेन्द्र चन्द्राकर ने बताया कि केंद्र सरकार की ई-20 पेट्रोल नीति के खिलाफ  राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में शनिवार को नई दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में नेशनल टाउनहॉल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसमें यूट्यूब के माध्यम से ऑनलाइन रिकार्डेड 702195 से अधिक लोग जुड़े।

छत्तीसगढ़ से भी हजारों आम जनता और आम आदमी कार्यकर्ता ऑनलाइन जुड़े। जो इस बात का स्पष्ट संकेत है कि देशभर में ई 20 पेट्रोल को लेकर भारी असंतोष है। टाउनहॉल के दौरान देश के अलग.अलग हिस्सों से जुड़े वाहन मालिकों और मैकेनिकों ने खुलकर बताया कि ई 20 पेट्रोल के इस्तेमाल से उनके वाहनों में इंजन खराब हुआ, माइलेज कम हुए, पाट्र्स जल्दी घिस गये और बार.बार मेंटेनेंस की समस्या सामने आई।

प्रदेश सह सचिव संजय यादव ने आरोप लगाया कि बिना पर्याप्त वैज्ञानिक तैयारी और ग्राउंड टेस्टिंग के ई20 पेट्रोल को लागू करना जनता के साथ अन्याय है। कहा कि सरकार ने वाहन कंपनियों और पेट्रोलियम कंपनियों के दबाव में आकर यह फैसला लिया है। जबकि इसका खामियाजा आम जनता भुगत रही है। उन्होंने मांग की है कि जब तक ई20 पेट्रोल पर व्यापक अध्ययन, पारदर्शी रिपोर्ट और सभी वाहनों के लिए सुरक्षित उपयोग की गारंटी नहीं दी जाती। तब तक इसे लागू करना तुरंत रोका जाए और शुद्ध पेट्रोल का विकल्प दिया जाए। साथ ही जिन लोगों के वाहनों को नुकसान हुआ है, उन्हें मुआवजा दिया जाए। जिलाध्यक्ष राकेश झाबक ने बताया कि ई20 के खिलाफ  देशभर से 2 लाख से ज्यादा पिटिशन लोगों द्वारा फाइल की गई है। इनमें से चुनिंदा ऐसे 100 लोगों के साथ अरविंद केजरीवाल 4 अगस्त को दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करेंगे।

 


अन्य पोस्ट