महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 1 अगस्त। नगर की अधिष्ठात्री देवी महामाया मंदिर में पूरे सावन माह तक शिव भक्ति का निरंतर अनुष्ठान चल रहा है। यजमान सीतादेवी साहू एवं मनोजकांत साहू तथा नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू परिवार द्वारा श्रद्धा, आस्था और विधि-विधान के साथ प्रतिदिन रुद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है। मंदिर परिसर में सुबह से ही भक्तों की भीड़ उमड़ रही है और वातावरण हर हर महादेव के जयकारों से गुंजायमान हो रहा है।
नगर पुरोहित पंडित पंकज तिवारी के आचार्यत्व में यह पूजन पूर्ण वैदिक रीति से संपन्न कराया जा रहा है। शिवलिंग पर जल, दूध, दही, घी, शहद और बेलपत्र अर्पित कर रुद्र सूक्त एवं शिव तांडव स्त्रोत का पाठ किया जा रहा है। धूप-दीप, शंख और घंटियों की ध्वनि के बीच पूरा मंदिर परिसर शिवमय हो गया है। यजमान परिवार प्रतिदिन प्रात: 8 बजे से 11 बजे तक पूरे मनोयोग से पूजन में सम्मिलित होकर नगर की सुख, शांति और समृद्धि की कामना कर रहा है।
पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने बताया कि सावन का महीना भगवान भोलेनाथ को अत्यंत प्रिय है और इसी भाव से इस बार पूरे माह तक रुद्राभिषेक का संकल्प लिया गया है। उन्होंने नगर के समस्त शिव भक्तों से अनुरोध किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस धार्मिक अनुष्ठान में सहभागी बनें और महादेव का आशीर्वाद प्राप्त करें। उनका कहना है कि ऐसे सामूहिक आयोजन से समाज में धार्मिक एकता और सद्भावना को बल मिलता है। मां महामाया मंदिर में चल रहे इस एक माहव्यापी रुद्राभिषेक से पूरे महासमुंद में भक्ति और उल्लास का माहौल है। श्रद्धालु सुबह से ही दर्शन और पूजन करने पहुंच रहे हैं।