महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,31जुलाई। महासमुंद विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा परिवार द्वारा लगातार 11वें वर्ष में श्रावण मास में महारूद्राभिषेक का आयोजन किया जा रहा है।
गुरुवार को श्रावण मास के प्रथम दिन एक माह का महारूद्राभिषेक एवं हवन-पूजन कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। कार्यक्रम प्रतिवर्ष की भांति इस बार भी विशाल मेगा मार्ट परिसर के पास विधायक जनदर्शन कार्यालय के पीछे करवाया जा रहा है। कल प्रथम दिन सुबह 9 बजे से वेदी पूजा के साथ एक माह तक चलने वाले महारूद्राभिषेक की शुरुआत हुई। वेदी पूजा के बाद अलग.अलग स्थानों से आए पुरोहितों द्वारा रूद्राभिषेक अनुष्ठान कराया गया। बाद दोपहर करीब 12 बजे आरती हुई। प्रथम दिन से ही नगर के श्रद्धालु अनुष्ठान में शामिल होने पहुंच रहे हैं। सुबह 9 बजे से ही नगर में हवन पूजन अनुष्ठान की भक्तिमय गूंज से शिवमय हो गया। इसके बाद हवन किया गया और आरती के बाद प्रथम दिन के अनुष्ठान का समापन हुआ। इसी प्रकार एक माह तक प्रतिदिन हवन पूजन और रुद्राभिषेक का कार्यक्रम चलेगा। इस एक माह के हवन पूजन के दौरान रुद्राक्ष वितरण भी किया जाएगा। साथ ही प्रतिदिन रामायण मंडली की प्रस्तुति भी रहेगी। सोमवार को महारूद्राभिषेक एवं हवन-पूजन के दौरान रुद्राक्ष का वितरण किया जाएगा।
श्रावण मास का प्रथम सोमवार 3 अगस्त को है। इसके बाद आने वाले 10 अगस्त, 17 अगस्त और 24 अगस्त को सोमवार के दिन रुद्राक्ष वितरण किया जाएगा।