महासमुन्द

सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की मांग, 18 पंच पहुंचे कलेक्टोरेट
29-Jul-2026 2:10 PM
सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव  की मांग, 18 पंच पहुंचे कलेक्टोरेट

 महासमुंद, 28 जुलाई। ग्राम पंचायत भोरिंग में सरपंच की कार्यप्रणाली और पंचायत के विकास कार्यों में कथित अनियमितताओं को लेकर विवाद गहरा गया है। पंचायत के 18 पंचों ने सोमवार को कलेक्टर विनय कुमार लंगेह को ज्ञापन सौंपकर सरपंच के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शीघ्र शुरू कराने की मांग की।

पंचों ने पंचायत में व्याप्त अव्यवस्था, विकास कार्यों में लापरवाही तथा पंचायत निधि में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। पंचों ने अपने ज्ञापन में कहा है कि ग्राम पंचायत में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं और जनप्रतिनिधियों की बातों को नजरअंदाज किया जा रहा है।  उनका आरोप है कि पंचायत की बैठकों और निर्णयों में पंचों को उचित महत्व नहीं दिया जाता, जिससे पंचायत संचालन में पारदर्शिता प्रभावित हो रही है। पंचों के अनुसार पिछले चार से पांच दिनों से वे अविश्वास प्रस्ताव की सूचना देने के लिए एसडीएम कार्यालय के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया गया।

इससे नाराज होकर उपसरपंच भेखराम साहू समेत सभी पंच व पूर्व पार्षद पंकज साहू ने आरोप लगाया कि पंचों द्वारा कई दिनों से आवेदन प्रस्तुत करने के प्रयास के बावजूद एसडीएम कार्यालय में उसे स्वीकार नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि चुने हुए जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उनका कहना है कि आवेदन लेने में हुई देरी प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती है। उन्होंने कलेक्टर से मामले में तत्काल हस्तक्षेप कर अविश्वास प्रस्ताव की प्रक्रिया शुरू कराने की मांग की है।

 


अन्य पोस्ट