महासमुन्द
महासमुंद,29जुलाई। भारतीय जनता पार्टी ने हर घर तिरंगा,तिरंगा यात्रा 2026 अभियान के लिए पहले से गठित राष्ट्रीय समन्वयक टीम को राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों का प्रभार सौंप दिया है। पार्टी की ओर से जारी सूची के अनुसार वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी देकर अभियान को देशभर में प्रभावी ढंग से संचालित करने की तैयारी की गई है। जारी विज्ञप्ति में बताया गया है कि भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव एवं सांसद अरुण सिंह अभियान के राष्ट्रीय संयोजक रहेंगे। उन्हें दिल्ली, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और राजस्थान का प्रभार दिया गया है। पूर्व हिमाचल प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सत्ती को जम्मू.कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, चंडीगढ़ और हरियाणा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसी क्रम में महासमुंद लोकसभा सांसद एवं भाजपा छत्तीसगढ़ की प्रदेश उपाध्यक्ष रूपकुमारी चौधरी को राष्ट्रीय टीम में सदस्य के रूप में उत्तराखंड, छत्तीसगढ़, अंडमान एवं निकोबार तथा पुडुचेरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं पूर्व विधायक अनंत ओझा को अरुणाचल प्रदेश, त्रिपुरा, मेघालय और ओडि़शा तथा छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंह देव को बिहार,सिक्किम और नागालैंड का प्रभार दिया गया है।