महासमुन्द

घनी आबादी वाले क्षेत्रों व बस स्टैंड में एंटी लार्वा का छिडक़ाव
28-Jul-2026 2:50 PM
 घनी आबादी वाले क्षेत्रों व बस स्टैंड में एंटी लार्वा का छिडक़ाव

महासमुंद, 28 जुलाई। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू  के निर्देशानुसार वर्षा ऋतु में डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया सहित अन्य मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में नगर के घनी आबादी वाले क्षेत्रों, मुख्य बस स्टैंड, नालियों, जलभराव वाले स्थानों एवं अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में सफाई विभाग की टीम द्वारा एंटी लार्वा दवा का छिडक़ाव कराया गया।

अभियान के दौरान उन सभी स्थानों को चिन्हित कर दवा का छिडक़ाव किया गया, जहां मच्छरों के लार्वा पनपने की संभावना रहती है। नगर पालिका द्वारा आगामी दिनों में सभी वार्डों में चरणबद्ध रूप से एंटी लार्वा छिडक़ाव, फॉगिंग एवं विशेष स्वच्छता अभियान भी संचालित किया जाएगा।

नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नागरिकों के स्वास्थ्य की सुरक्षा नगर पालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बरसात के मौसम में मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी भी वार्ड में लापरवाही न बरती जाए तथा नियमित रूप से एंटी लार्वा छिडक़ाव एवं फॉगिंग की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। ज्ञात हो कि नगर पालिका की टीम अध्यक्ष श्री साहू के आदेशानुसार लगातार नगर के विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर रही है।

जहां भी जलभराव अथवा मच्छरों के प्रजनन की संभावना दिखाई देती है, वहां तत्काल एंटी लार्वा दवा का छिडक़ाव कराया जा रहा है। साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों के आसपास पानी जमा न होने दें, कूलर, टंकियों एवं अन्य जल पात्रों की नियमित सफाई करें तथा स्वच्छता बनाए रखने में नगर पालिका का सहयोग करें।


अन्य पोस्ट