महासमुन्द

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों के लिए सुरक्षा कवच- अलका
28-Jul-2026 2:23 PM
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना किसानों  के लिए सुरक्षा कवच- अलका

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 28 जुलाई। भारत सरकार के इस्पात मंत्रालय की स्वतंत्र निदेशक एवं भारतीय जनता पार्टी पंचायत प्रकोष्ठ की सह-कोषाध्यक्ष अलका चन्द्राकर ने किसानों से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का अधिक-से-अधिक लाभ उठाने और समय रहते अपनी फसलों का बीमा कराने का आग्रह किया है। श्रीमती चन्द्राकर ने कहा कि कृषि क्षेत्र में मौसम की अनिश्चितता और प्राकृतिक आपदाएँ किसानों के लिए सबसे बड़ी चुनौती रही हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मंशा के अनुरूप शुरू की गई ‘प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना’ हमारे अन्नदाताओं के लिए एक मजबूत आर्थिक सुरक्षा कवच साबित हो रही है। श्रीमती चन्द्राकर ने कहा कि यह योजना अतिवृष्टि, अनावृष्टि, सूखा, कीट-पतंगों के प्रकोप तथा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से होने वाले नुकसान से किसानों की गाढ़ी कमाई की रक्षा करती है। किसानों को खरीफ फसलों के लिए मात्र 2 प्रतिशत, रबी फसलों के लिए 1.5 प्रतिशत तथा व्यावसायिक एवं बागवानी फसलों के लिए केवल 5 प्रतिशत का मामूली प्रीमियम देना होता है। शेष प्रीमियम राशि सरकार द्वारा वहन की जाती है। फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान तथा स्थानीय आपदाओं के कारण होने वाली क्षति को भी योजना में शामिल किया गया है।

 श्रीमती चन्द्राकर ने कहा कि इस योजना में दावों के त्वरित और पारदर्शी निपटारे के लिए जीपीएस, ड्रोन और सैटेलाइट तकनीक का उपयोग किया जा रहा है, जिससे वास्तविक क्षति का आकलन आसानी से हो सके। योजना का लाभ ऋणी एवं गैर-ऋणी, दोनों प्रकार के किसान उठा सकते हैं। नजदीकी बैंक शाखा, लोक सेवा केंद्र या ‘क्रॉप इंश्योरेंस ऐप’ के माध्यम से इस योजना में आसानी से आवेदन किया जा सकता है।  श्रीमती चन्द्राकर ने पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय कार्यकर्ताओं से भी अपील की है कि वे ग्रामीण क्षेत्रों में जाकर किसानों को इस योजना के प्रति जागरूक करें ताकि कोई भी पात्र किसान इस सुरक्षा कवच से वंचित न रहे। हमारे किसान भाई-बहन दिन-रात मेहनत करके देश का पेट भरते हैं। उनकी मेहनत और पूंजी सुरक्षित रहे, यही मोदी सरकार की प्राथमिकता है। सभी किसान बंधु भी निर्धारित समय-सीमा 31 जुलाई के भीतर अपनी फसलों का बीमा अवश्य कराएँ और एक सुरक्षित एवं समृद्ध कृषि भविष्य की ओर कदम बढ़ाएँ।


अन्य पोस्ट