महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 जुलाई। राष्ट्रीय राजमार्ग-53 फोरलेन पर ग्राम बल्दीडीह के पास हुई सडक़ दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। दो मोटर साइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सडक़ पर दूर जा गिरे और उनके सिर व चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
राहगीरों और ग्रामीणों की सूचना पर संजीवनी एक्सप्रेस 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा ले जाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार पूर्वाह्न सांकरा-जोंक नदी के पहले बल्दीडीह मोड़ के समीप ग्राम डोंगरीपाली (पिथौरा) निवासी देवनाथ पटेल (20) पिता परदेशी पटेल अपनी मोटरसाइकिल से किसी कार्य से सांकरा की ओर जा रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से ग्राम परसवानी निवासी विनोद कुमार निषाद (21) पिता जीत कुमार निषाद अपनी मोटरसाइकिल से बल्दीडीह की ओर आ रहा था। बल्दीडीह मोड़ के पास दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक कई फीट दूर जा गिरे। देवनाथ का सिर टक्कर के बाद सडक़ किनारे लोहे की बैरिकेट से जा टकराया। जिससे उसे सिर में गंभीर चोटें आई। वहीं विनोद कुमार निषाद के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं तथा उसके दोनों पैर फ्रैक्चर हो गया।
दुर्घटना के बाद संजीवनी एक्सप्रेस 108 में दोनों घायलों को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पिथौरा लेकर रवाना हुई। बताया गया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही देवनाथ पटेल ने रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल में चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल विनोद कुमार निषाद की हालत नाजुक होने पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर कर दिया गया, जहां एक निजी अस्पताल में उसका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल पहुंची। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे से डोंगरीपाली सहित आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।