महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 23 जुलाई। रिमझिम बारिश के बीच भी शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के संकल्प के साथ नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों एवं बाजार क्षेत्रों का औचक निरीक्षण करने निकले। निरीक्षण के दौरान उन्होंने नालियों, नालों और प्रमुख मार्गों की साफ-सफाई व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। बारिश के कारण कई जगहों पर जलभराव और नालियों में कीचड़ जमा होने की स्थिति को देखते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं सफाई कर्मचारियों को तुरंत प्रभावी कदम उठाने के निर्देश दिए।
अध्यक्ष श्री साहू ने कहा कि मानसून के मौसम में जल निकासी व्यवस्था का सुचारु रहना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से नगर की समस्त बड़ी नालियों एवं नालों की नियमित एवं गहन सफाई करवाई जा रही है, ताकि बारिश का पानी सुगमता से निकल सके और नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि सफाई कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक वार्ड में साफ-सफाई को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए।
इस अवसर पर श्री साहू ने नगरवासियों से भी विनम्र अपील की कि स्वच्छ और सुंदर महासमुंद बनाने में जनसहयोग सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि कृपया कचरा नालियों, सडक़ों या सार्वजनिक स्थानों पर न फेंकें। घरों का कचरा हमेशा डस्टबिन में एकत्रित कर डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाली स्वच्छता दीदियों को ही सौंपें। छोटे-छोटे प्रयासों से ही हम अपने शहर को स्वच्छ रख सकते हैं। पालिका का उद्देश्य नागरिकों को स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है। आइए, हम सभी मिलकर अपने महासमुंद को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का संकल्प लें और इस अभियान को जन आंदोलन का रूप दें।