महासमुन्द
स्कूल में सर्पदंश से बचाव व गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर सेमिनार, विद्यार्थियों ने पूछे सवाल
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 20 जुलाई। रामदर्शन पब्लिक स्कूल, जंघोरा (पिथौरा) एवं छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के संयुक्त तत्वावधान में ‘सर्पदंश से बचाव एवं प्राथमिक उपचार’ तथा ‘गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और वैज्ञानिक सोच’ विषय पर एक दिवसीय जागरूकता संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने, अंधविश्वासों से दूर रहने तथा सर्पदंश जैसी आपातकालीन परिस्थितियों में सही प्राथमिक उपचार की जानकारी दी गई।
मुख्य वक्ता छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के अध्यक्ष, सेवानिवृत्त अपर कलेक्टर एवं विज्ञान आश्रम कसेकेरा के संचालक विश्वास मेश्राम ने अपने उद्बोधन में कहा कि सांप प्रकृति के संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण जीव हैं। अधिकांश सांप विषैले नहीं होते, इसलिए उन्हें देखकर घबराने या अंधविश्वास का सहारा लेने की बजाय वैज्ञानिक जानकारी के आधार पर निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने जहरीले एवं विषहीन सांपों की पहचान, सर्पदंश के लक्षण तथा प्राथमिक उपचार की जानकारी देते हुए कहा कि सर्पदंश की स्थिति में झाड़-फूंक या टोने-टोटके में समय न गंवाकर पीडि़त को तत्काल निकटतम स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाना ही सबसे प्रभावी उपचार है।
छत्तीसगढ़ विज्ञान सभा के प्रेस सचिव, छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के सचिव एवं शिक्षाविद् हेमंत खुटे ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं वैज्ञानिक सोच पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षा का सबसे महत्वपूर्ण उद्देश्य केवल जानकारी देना या परीक्षा में अच्छे अंक दिलाना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, तार्किक दृष्टिकोण, जिज्ञासा, रचनात्मकता तथा समस्या-समाधान की क्षमता विकसित करना है। जब बच्चे हर बात को तर्क, प्रमाण और प्रयोग की कसौटी पर परखना सीखते हैं, तभी वे जागरूक, जिम्मेदार और नवाचार करने वाले नागरिक बनते हैं। वैज्ञानिक सोच अंधविश्वास, भ्रांतियों और कुरीतियों को समाप्त कर समाज और राष्ट्र के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करती है।
उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान करते हुए कहा, ‘आइए, संकल्प लें कि हम हमेशा सीखने की जिज्ञासा बनाए रखेंगे, हर बात को तर्क और प्रमाण की कसौटी पर परखेंगे तथा विज्ञान और शिक्षा के माध्यम से एक प्रगतिशील, जागरूक और विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान देंगे।’
कार्यक्रम के अंत में प्रश्नोत्तर सत्र आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए सर्पदंश, वैज्ञानिक सोच एवं शिक्षा से जुड़े अनेक प्रश्न पूछे और अपनी जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य जोगिन्द्र मेहेर एवं उप-प्राचार्य रत्ना सिन्हा मंचासीन रहे। कार्यक्रम के समापन पर मुख्य वक्ता विश्वास मेश्राम, हेमंत खुटे तथा विज्ञान कार्यकर्ता ऊषा मेश्राम का शाल, श्रीफल एवं पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।