महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 20 जुलाई। जिले के पटेवा थानांतर्गत ग्राम चिरको में खेत से सबमर्सिबल पंप की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने प्रार्थी द्वारा की गई नामजद रिपोर्ट के बाद कुछ आरोपियों को पकडक़र पूछताछ शुरू की है।
पुलिस के अनुसार ग्राम चिरको निवासी प्रार्थी पुनीत पटेल ने पटेवा थाना में लिखित आवेदन प्रस्तुत कर बताया कि वह पिछले 20-25 वर्षों से ग्राम के बांधाखार स्थित रेगहा जमीन पर खेती कर रहा है। सात अप्रैल की शाम 6 बजे वह खेत से घर वापस आया था।
अगले दिन 8 अप्रैल की सुबह 06 बजे जब वह खेत पहुंचा तो वहां लगा जगुवार कंपनी का 2 एचपी सबमर्सिबल पंप एवं केबल वायर गायब मिला। पंप की कीमत लगभग 15 हजार रुपए बताई गई है। प्रार्थी द्वारा गांव में पता तलाश करने पर पता चला कि ग्राम के हिरामन निषाद एवं लोकेश ध्रुव ने गांव के दूधेश्वर पटेल, राजेश ध्रुव एवं युवराज ध्रुव के साथ मिलकर उक्त चोरी की घटना को अंजाम दिया है। जिस पर पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर संबंधित आरोपियों को पकड़ा।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी का सामान उन्होंने गांव के सुखराम पटेल एवं भरत पटेल को बेच दिया है। साथ ही एक वर्ष पूर्व भी इसी प्रकार की चोरी करना स्वीकार किया।
प्रार्थी के आवेदन पर थाना पटेवा में बीएनएस की धारा 303-2, 3-5 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई है। मामले में पुलिस द्वारा हिरामन निषाद एवं लोकेश ध्रुव को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। शेष आरोपियों की गिरफ्तारी एवं चोरी गए सामान की बरामदगी के लिए लगातार कोशिशें जारी है।