महासमुन्द
5 माह चलने वाले विशेष अभियान के लिए 1500 शिक्षक प्रशिक्षित
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,20जुलाई। सरकारी स्कूलों में अध्ययनरत बच्चों के गणितीय कौशल,तार्किक क्षमता और भाषाई ज्ञान को मजबूत बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी पहल लक्ष्य महासमुंद आज सोमवार से शुरू हो रही है। इसके लिए जिलेभर के 1500 से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है। पांच माह तक चलने वाले इस विशेष शैक्षणिक अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा और प्रयास जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर माहौल उपलब्ध कराया जाएगा।
जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में संचालित इस कार्यक्रम के तहत स्कूल समय में ही शिक्षण पद्धति में नवाचार करते हुए विद्यार्थियों के सीखने के स्तर में सुधार लाने का प्रयास किया जाएगा। अभियान की विशेषता यह है कि छात्रों और शिक्षकों पर किसी प्रकार का अतिरिक्त बोझ डाले बिना नियमित अध्यापन के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को जोड़ा गया। जिला शिक्षा अधिकारी बीण्एलण् देवांगन ने बताया कि कार्यक्रम संचालन के लिए 13 जुलाई को जिला स्तरीय कोर टीम और ब्लॉक स्तर के 100 मास्टर ट्रेनरों व 17 जुलाई को सभी विकासखंडों के 1500 से अधिक शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया गया। सतत मॉनिटरिंग के लिए जिला स्तर के अधिकारियों को विकास खंड वार जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सहोयक कार्यक्रम समन्वयक सुबोध तिवारी को जिला नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। इसका पाठ्यक्रम मुख्य रूप से जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के स्वरूप पर आधारित है। जिला स्तर पर प्रश्नपत्र निर्माण समिति, ऑनलाइन कक्षा संचालन समिति तथा ओएमआर जांच समिति का गठन भी किया गया है। कार्यक्रम के तहत जिला स्तर से निर्धारित प्रश्नपत्रों के आधार पर प्रत्येक माह विद्यार्थियों का टेस्ट लिया जाएगा। निष्पक्ष मूल्यांकन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर पुस्तिकाओं की जांच संबंधित स्कूल में नहीं कराई जाएगी। परीक्षा परिणाम के आधार पर छात्रों, शिक्षकों और विद्यालयों की ग्रेडिंग जारी की जाएगी।
ग्रेडिंग प्रणाली के माध्यम से प्रत्येक माह सुधार का अवसर मिलेगा। बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालयों को विशेष प्रोत्साहन भी दिया जाएगा।