महासमुन्द

मणिकंचन केंद्र के बाद अब कापूडीह तालाब में तैरते मिला बायोमेडिकल कचरा, संक्रमण का खतरा
19-Jul-2026 5:29 PM
मणिकंचन केंद्र के बाद अब कापूडीह तालाब में तैरते मिला बायोमेडिकल कचरा, संक्रमण का खतरा

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 19 जुलाई। महासमुंद मणिकंचन सेंटर के बाद अब सागरपाली तालाब में बायोमेडिकल कचरा तैरते मिला है। यहां नहाने वालों में संक्रमण का खतरा बना हुआ है। दवाओं के अपशिष्ट और इस्तेमाल की गई नीडल्स तालाब में मिले हैं। सरायपाली क्षेत्र के बसना विकासखंड के ग्राम सागरपाली से करीब एक किलोमीटर दूर कापूडीह स्थित पीपल पेड़ हनुमान मंदिर के समीप एक छोटे तालाब में बायोमेडिकल कचरा मसलन दवाइयों के खाली रैपर,दवा की शीशियां, इस्तेमाल की गई नीडल्स तथा अन्य मेडिकल अपशिष्ट पड़े मिले हैं। इससे ग्रामीणों में चिंता के साथ आक्रोष भी देखा जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि उक्त स्थान पर समय-समय पर मेडिकल कचरा फेंका जाता है। बरसात के मौसम में तालाब में पानी भर जाने से यह अपशिष्ट आसपास के क्षेत्रों में फैल सकता है। जिससे मिट्टी एवं जल स्रोतों के प्रदूषित होने के साथ संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ जाता है।

इस संबंध में बसना के विकासखंड चिकित्सा अधिकारी बीएमओ डॉ.नारायण साहू ने मीडिया को बताया है कि मामले की जानकारी मिलने के बाद संबंधित क्षेत्र के निजी क्लीनिकों को नोटिस जारी किया जा रहा है। पूरे मामले की जांच कराई जाएगी और यदि किसी संस्था द्वारा नियमों के विपरीत बायोमेडिकल कचरे का निपटान किया जाना पाया गया तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 महासमुंद के सीएमएचओ डॉ. आई नागेश्वर राव ने बताया कि सागरपाली कापूडीह में खुले में मेडिकल वेस्ट फेंकने का मामला सामने आया है। जांच कराएंगे। सख्ती से कार्रवाई करेंगे।

विशेषज्ञों के अनुसार इस्तेमाल की गई नीडल्स और संक्रमित मेडिकल सामग्री खुले में पड़े रहने से आम नागरिकों, बच्चों, पशुओं तथा सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस तरह की घटनाओं पर रोक नहीं लगाई गई तो पर्यावरण प्रदूषण और संक्रामक रोगों का खतरा बढ़ सकता है।

गौरतलब है कि महासमुंद स्थित मणिकंचन केन्द्र में अस्पतालों का कचरा मिलने के बाद अस्पताल प्रशासन को नोटिस भेजा गया था। बायोमेडिकल वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2016 के तहत अस्पतालों, नर्सिंग होम, पैथोलॉजी लैब और निजी क्लीनिकों के लिए मेडिकल कचरे का पृथक्करण,संग्रहण और अधिकृत एजेंसी के माध्यम से सुरक्षित निपटान अनिवार्य है। नियमों के उल्लंघन पर संबंधित संस्था के खिलाफ  कार्रवाई का प्रविधान है।


अन्य पोस्ट