महासमुन्द

महासमुंद: दो-दो बार आदेश के बाद भी 19 संलग्न शिक्षक मूल शालाओं में नहीं लौटे, जुलाई का वेतन रोकने की चेतावनी
18-Jul-2026 4:02 PM
महासमुंद: दो-दो बार आदेश के बाद भी 19 संलग्न शिक्षक मूल शालाओं में नहीं लौटे, जुलाई का वेतन रोकने की चेतावनी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 18 जुलाई। महासमुंद जिले में विभिन्न प्रशासनिक कार्यालयों और संस्थानों में संलग्न (अटैच) शिक्षक शासन के दो-दो बार आदेश जारी होने के बावजूद अपनी मूल शालाओं में वापस नहीं लौट रहे हैं। शिक्षकों की इस संलग्नता के कारण ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था प्रभावित हो रही है। गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे मुख्य विषयों के शिक्षक लंबे समय से डीईओ, डीएमसी और तहसील दफ्तरों में सेवाएं दे रहे हैं।

विभाग द्वारा अब तक जिले के विभिन्न कार्यालयों से 19 ऐसे शिक्षकों की सूची तैयार की गई है, जिनमें से 18 शिक्षकों को तत्काल कार्यमुक्त कर मूल शालाओं में भेजा जाना है। हालांकि, ब्लॉक मुख्यालयों से सभी विकासखंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा अंतिम सूची न भेजे जाने के कारण प्रक्रिया में विलंब हो रहा है।

वेतन रोकने और सेवा भंग की चेतावनी

लोक शिक्षण संचालनालय ने 25 जून 2026 को सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर स्पष्ट किया था कि संलग्नता समाप्त होने के बाद भी यदि कोई कर्मचारी मूल संस्था में उपस्थित नहीं होता है, तो उसका वेतन रोका जा सकता है। इसके बाद 14 जुलाई को जारी एक अन्य आदेश में कहा गया कि यदि शिक्षक मूल संस्था में उपस्थित होकर ऑनलाइन उपस्थिति दर्ज नहीं करते हैं, तो उनका जुलाई माह का वेतन रोक दिया जाएगा।

यही नहीं, 15 जुलाई को जारी पत्र में निर्देश दिए गए हैं कि निर्धारित समय-सीमा के बाद कार्यभार ग्रहण करने वाले कर्मचारियों की अनुपस्थिति अवधि को ब्रेक इन सर्विस (सेवा भंग) मानने का प्रस्ताव भेजा जाए। इस मामले में संलग्न शिक्षकों का पक्ष है कि उनकी पदस्थापना कलेक्टर के माध्यम से हुई थी, अत: कलेक्टर के अनुमोदन के बाद ही उनकी वापसी संभव हो सकेगी।

इन कार्यालयों में वर्षों से जमे हैं शिक्षक

शिक्षा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, जिले के ये शिक्षक वर्षों से समग्र शिक्षा अभियान, राष्ट्रीय माध्यमिक शिक्षा अभियान, बीआरसी कार्यालय, विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय, नोडल कार्यालय, जिला शिक्षा कार्यालय, नवकिरण अकादमी तथा तहसील कार्यालयों में प्रशासनिक और लिपिकीय कार्य संभाल रहे हैं। इनमें व्याख्याता, शिक्षक, सहायक शिक्षक, प्रधान पाठक और व्यायाम शिक्षक शामिल हैं।जारी सूची में सम्पा बोस तुसदा के समग्र शिक्षा महासमुंद, विद्या साहू बकमा के समग्र शिक्षा महासमुंद, सुबोध कुमार तिवारी परसुली समग्र-शिक्षा महासमुंद,प्रमोद कन्नौजे नवापारा-राष्ट्रीय शिक्षा महासमुंद, हर्षिता चंद्राकर लोहारडीह-राष्ट्रीय शिक्षा महासमुंद, रामता मन्नाडे मोहगांव-प्रभारी सहायक विकास  खंड अधिकारी कार्यालय बागबाहरा, पूर्णानंद मिश्रा मोहका-प्रभारी सहा. विख.अधिकारी पिथौरा, जागेश्वर सिन्हा खरोरा-बीआरसीसी महासमुंद, भुवनेश्वरी साहू बोकरामुड़ा कला-बीआरसीसी बागबाहरा,नरेश पटेल गड़बेड़ा-बीआरसीसी पिथौरा, अनील साव बिजराभांठा-बीआरसीसी बसना,देवानंद केन्दूढार-बीआरसीसी सरायपाली,सैयद इमरान पीढ़ी-कार्यालय विखं शिक्षा अधिकारी महासमुंद, ममता चक्रधारी भलेसर-समन्वयक विखं नोडल, डी. बसंत कुमार साव नवापारा-नवकिरण अकादमी ग्रंथालय महासमुंद, यश कुमार चक्रधारी दलदली रोड-नवकिरण अकादमी ग्रंथालय महासमुंद, विवेक कुमार चंद्राकर घोड़ारी-नवकिरण अकादमी ग्रंथालय महासमुंद,परस कमार नयापारा सिधौरी-नवकिरण अकादमी ग्रंथालय महासमुंद,भागवत प्रसाद पटेल खट्टी-नवकिरण अकादमी ग्रंथालय महासमुंद, रितेश नायक सुखापाली पिथौरा-नवकिरण अकादमी ग्रंथालय महासमुंद,चुड़ामणी चौधरी भुथिया-तहसील कार्यालय में संलग्न हैं, का नाम शामिल हैं।

ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों को मिलेगा लाभ

अधिकारियों का मानना है कि इन शिक्षकों की वापसी से ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के उन 18 विद्यालयों को सबसे अधिक लाभ मिलेगा, जो वर्तमान में शिक्षकों की कमी का सामना कर रहे हैं। शिक्षकों की वापसी से कक्षाओं का संचालन सुचारू होगा और विद्यार्थियों को नियमित पढ़ाई का लाभ मिल सकेगा।


अन्य पोस्ट