महासमुन्द

हरियर महासमुंद: शहर में रोपे जाएंगे 5000 पौधे, सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में लगाएंगे 100-100 पौधे
18-Jul-2026 4:01 PM
हरियर महासमुंद: शहर में रोपे जाएंगे 5000 पौधे, सभी पार्षद अपने-अपने वार्डों में लगाएंगे 100-100 पौधे

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,18 जुलाई। नगर को स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में नगर पालिका महासमुंद ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। नगर पालिका कार्यालय में कल अध्यक्ष निखिलकांत साहू की अध्यक्षता में सभापति एवं समस्त पार्षदों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यावरण संरक्षणए जनस्वास्थ्य और स्वच्छ वातावरण को प्राथमिकता देते हुए पूरे नगर में हरियर महासमुंद के तहत 5000 पौधे लगाने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर सभापति जयकुमार देवांगन, ज्योति चंद्राकर, जितेंद्र ध्रुव, पार्षद शुभ्रा शर्मा, भारती चंद्राकर, कल्पना सूर्यवंशी, धनेश्वरी सोनवानी, माधुरी यदु, चंद्रशेखर बेलदार,धनेन्द्र चंद्राकर, राहुल आवड़े, बड़े मुन्ना देवार आदि उपस्थित थे।

बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नगर के सभी वार्डों में वृक्षारोपण अभियान चलाया जाएगा। प्रत्येक पार्षद अपने वार्ड में कम से कम 100 पौधे लगाएंगे और उनकी नियमित देखरेख की जिम्मेदारी भी सुनिश्चित करेंगे। इसके साथ ही नगर के भीतर उपलब्ध खाली भूमि, सार्वजनिक स्थलों, सामुदायिक भवनों के आसपास और सडक़ किनारों पर भी बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जाएगा। ताकि हरियाली का विस्तार पूरे शहर में समान रूप से हो सके।

अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और तापमान को देखते हुए हरियाली बढ़ाना आज समय की मांग है। स्वस्थ और सुरक्षित भविष्य के लिए पेड़ लगाना केवल औपचारिकता नहीं बल्कि सामाजिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के लिए सभी पार्षदों को आवश्यकतानुसार पौधे उनके द्वारा उपलब्ध कराए जाएंगे। पौधों की प्रजातियों का चयन इस प्रकार किया जाएगा जो स्थानीय जलवायु के अनुकूल हों और छाया के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सहायक हों। श्री साहू ने सभी नागरिकों, सामाजिक संगठनों, स्वयंसेवी संस्थाओं और विद्यालयों से भी इस अभियान में सहभागिता की अपील की। उन्होंने कहा कि महासमुंद को हरा भरा बनाने का यह प्रयास तभी सफल होगा जब हर व्यक्ति इसे अपना कर्तव्य समझे। एक पौधा लगाकर उसकी रक्षा करना आने वाली पीढय़िों को स्वच्छ हवा और बेहतर जीवन देने के समान है। यह सकारात्मक पहल महासमुंद को पर्यावरण मित्र शहर के रूप में विकसित करने में मील का पत्थर साबित होगी।


अन्य पोस्ट