महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 18 जुलाई। जनपद पंचायत बागबाहरा की सामान्य सभा की बैठक 15 जुलाई को जनपद सभाकक्ष में आयोजित हुई। बैठक जनपद पंचायत अध्यक्ष केशव नायकराम चंद्राकर, उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार तथा सीईओ मनहरण लाल मंडावी की उपस्थिति में संपन्न हुई। इस बैठक में विभिन्न शासकीय विभागों के कार्यों और योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों ने श्रम विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठाए। इस अवसर पर जनपद सदस्य राहुल चंद्राकर, तुलाराम ठाकुर, बलराम ध्रुव, भूपेंद्र (मोंटू) दीवान, गरिमा चंद्राकर, मधुलिका चंद्राकर, भूमिका सिन्हा, तारेश्वरी पटेल, थनेश्वरी प्रहलाद साहू, दिव्या उपेंद्र दीवान, जामिन ठाकुर, मानबाई ठाकुर, रेणुका मरकाम, देवकी गायकवाड़, गीता दीवान, रुखमणी साहू, पूजा एवन साहू, भगवती ठाकुर, लता कुमारी कुम्हार, चंद्रकला साहू, पारस सांखला, लोचन पटेल, धनंजय साहू सहित संबंधित विभागों के प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित सदस्यों ने विभाग के अधिकारियों से प्रवासी श्रमिकों के आंकड़े, पंजीकृत ठेकेदारों और रोजगार के लिए पलायन करने वाले मजदूरों की जानकारी मांगी। बैठक में ग्राम पंचायत बीके बहरा निवासी प्रवासी श्रमिक कन्हैया लाल ध्रुव का मामला प्रमुखता से उठाया गया, जिनकी उत्तर प्रदेश में कार्य के दौरान मृत्यु हो गई थी। जनप्रतिनिधियों ने अधिकारियों से पूछा कि घटना के बाद अब तक मृतक के परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र और पोस्टमार्टम रिपोर्ट क्यों उपलब्ध नहीं कराई गई है। सदस्यों ने कहा कि इन आवश्यक दस्तावेजों के न मिलने के कारण पीडि़त परिवार को अब तक शासकीय मुआवजा और बीमा राशि का भुगतान नहीं हो सका है। जनप्रतिनिधियों ने इसे विभाग की कार्यप्रणाली में कमी बताया। बैठक में श्रम विभाग को निर्देशित किया गया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत में अनिवार्य रूप से च्पलायन पंजीज् तैयार की जाए। इस पंजी में बाहर काम करने जाने वाले प्रत्येक श्रमिक, संबंधित एजेंट, कार्यस्थल और संपर्क विवरण दर्ज करने को कहा गया है, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति या दुर्घटना की दशा में प्रभावित परिवार को समय पर सहायता दिलाई जा सके। बैठक की अध्यक्षता कर रहे केशव नायकराम चंद्राकर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनहित से जुड़ी शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में विद्युत, कृषि, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण विभाग, स्वास्थ्य, वन, आदिम जाति कल्याण तथा शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के कामकाज की भी समीक्षा की गई।