महासमुन्द
लोगों को सुरक्षित रखने का जिम्मा केवल स्वैच्छिक सर्पमित्रों समाजसेवियों के भरोसे !
महासमुंद,17 जुलाई। मानूसन की सक्रियता के साथ ही महासमुंद जिले में सर्पदंश (सांप काटने) के मामलों में तेजी से बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। अप्रैल से जून के बीच महज तीन महीनों में जिले के विभिन्न अस्पतालों में सर्पदंश के 135 मामले सामने आ चुके हैं।
राहत की बात यह रही कि समय पर एंटी स्नेक वेनम मिलने से मरीजों की जान बच गई। लेकिन इस बढ़ते खतरे के बीच जमीनी हकीकत यह है कि महासमुंद वन विभाग के पास खुद का कोई आधिकारिक स्नैक कैचर सांप पकडऩे वाला नहीं है। लिहाजा जिले के वनों और रिहायशी इलाकों में सांपों को बचाने और लोगों को सुरक्षित रखने का पूरा जिम्मा केवल स्वैच्छिक सर्पमित्रों समाजसेवियों के भरोसे चल रहा है। सांप पकडऩे की वैज्ञानिक ट्रेनिंग या सरकारी संसाधन न होने की वजह से आए दिन लोग अज्ञानता और डर के चलते सांपों को मार रहे हैं।
महासमुंद रेंजर सियाराम कर्माकर ने बताया कि महासमुंद के जंगलों और मैदानी इलाकों में 5-6 प्रजाति के जहरीले सांप हैं। इनमें करैत, नाग, कोबरा और धामी शामिल हैं। वन विभाग वन्यप्राणियों के संरक्षण के लिए प्रतिबद्ध है। स्नैक कैचर्स के लिए संगठित ढांचा और नियमित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की कमी अभी भी एक बड़ी चुनौती बनी हुई है।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल में 25, मई में 48 और जून में सबसे अधिक 62 सर्पदंश के मामले सामने आए। कुल मिलाकर 135 मामलों में लोगों की जान समय पर अस्पताल पहुंचने से बची। वर्तमान में जिले के सरकारी अस्पतालों में कुल 4,766 एंटी स्नेक वेनम वायल का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध कराया गया है। डॉक्टरों की अपील है कि लोग झाड़.फूंक के चक्कर में न पड़ें, नजदीकी अस्पताल जाएं। सांप दिखने पर उसे मारें नहीं, बल्कि तुरंत स्थानीय सर्पमित्रों या वन विभाग को सूचना दें। यदि किसी को सांप काट ले, तो झाड़.फूंक के चक्कर में समय गंवाने के बजाय मरीज को फौरन नजदीकी सरकारी अस्पताल लेकर जाएं।
-
स्थानीय विशेषज्ञों का कहना है कि यदि वन विभाग युवाओं के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित करे तो कई बेजुबानों की जान बचाई जा सकती है। महासमुंद के समाजसेवी और सर्पमित्र गुलाब ठाकुर रोजाना औसतन 5 से 6 सांपों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित जंगलों में छोड़ रहे हैं। इनमें से अधिकांश करैत और नाग जैसे अत्यंत जहरीले सांप होते हैं। उनका कहना है कि महासमुंद वन विद्यालय जैसी बेहतरीन जगह होने के बावजूद यहां युवाओं के लिए सांप पकडऩे और उनके रेस्क्यू को लेकर कोई प्रशिक्षण कार्यक्रम नहीं चलाया जाता। जो युवा इस क्षेत्र में सेवा करना चाहते हैं, उन्हें न तो सुरक्षा उपकरण मिलते हैं और न ही ट्रेनिंग। प्रशिक्षण के अभाव में लोग डरकर सांपों को मार देते हैं, निससे पर्यावरण चक्र प्रभावित हो रहा है।