महासमुन्द
बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुति
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 17 जुलाई। पिथौरा के जंघोरा में स्थित रामदर्शन पब्लिक स्कूल में महाप्रभु जगन्नाथ की रथ यात्रा के उपलक्ष्य में एक विशेष सभा का आयोजन किया गया। इस आयोजन में विद्यालय के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट बाल-प्रतिभा, अनुशासित आचरण और सांस्कृतिक निष्ठा का परिचय दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्णत: पारंपरिक और आध्यात्मिक पद्धति से हुआ। इसके पश्चात, बाल-कलाकारों द्वारा महाप्रभु जगन्नाथ की महिमा और रथ यात्रा के ऐतिहासिक महत्व पर आधारित एक सारगर्भित नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया गया। इस सांस्कृतिक उत्सव का मुख्य आकर्षण छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किया गया लयबद्ध नृत्य रहा। तत्पश्चात, विद्यालय प्रांगण में विशेष रूप से सुसज्जित किए गए रथ पर भगवान जगन्नाथ, बलभद्र और सुभद्रा जी के विग्रहों को प्रतिष्ठित किया गया। मंत्रोच्चार और शंखध्वनि के बीच, विद्यार्थियों ने पूर्ण श्रद्धा और निष्ठा के साथ सामूहिक रूप से रथ की रस्सियों को खींचा।
समारोह के अंत में, सभी विद्यार्थियों वैश्विक कल्याण की प्रार्थना की।कर्यक्रम संस्था के प्रशासनिक प्रमुखों एवं शिक्षक वृन्द के कुशल पर्यवेक्षण में संपन्न हुए, यह कर्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोडऩे और उनमें सामूहिक सहभागिता की भावना को सुदृढ़ करने के लिए किया गया था।