महासमुन्द

राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो-राजेन्द्र तिवारी
17-Jul-2026 4:04 PM
राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में हो-राजेन्द्र तिवारी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,17 जुलाई। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र तिवारी ने कल दोपहर एक पत्रकार वार्ता में कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा और चंदे के करोड़ों रुपए भाजपा व आरएसएस की राजनीतिक लूट का शिकार हो गए।

उन्होंने कहा कि आज करोड़ों रामभक्त यह पूछने के लिए मजबूर हैं कि भगवान राम के नाम पर जुटाया गया चंदा व चढ़ावा आखिर किसके संरक्षण में लूटा गया? श्री तिवारी ने कहा कि जनता एसआईटी की जांच से संतुष्ट नहीं है। इसलिए इसकी जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में करने की मांग कांग्रेस पार्टी करती है। ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इस कथित लूट के पीछे कौन लोग हैं, और किसके संरक्षण में यह सब वर्षों तक चलता रहा? 

प्रेसवार्ता में पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ.रश्मि चंद्राकर, सेवनलाल चंद्राकर, दाऊलाल चंद्राकर, शहर अध्यक्ष गुरमीत चावला, ग्रामीण अध्यक्ष अन्नू चंद्राकर, खिलावन बघेल, सेवादल जिलाध्यक्ष नितेंद्र बेनर्जी, लक्ष्मी देवांगन आदि मौजूद थे।                        

पीसीसी के पूर्व महामंत्री ने पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा, आरएसएस, विश्व हिन्दू परिषद और संघ परिवार के संगठनों ने लगभग तीन दशकों तक भगवान राम के नाम पर राजनीति की। देश के गरीब व मध्यम वर्ग से राम के नाम पर चंदा एकत्र किया और इसी आंदोलन के आधार पर सत्ता प्राप्त की। आज वही करोड़ों रामभक्त यह पूछने को मजबूर हैं कि भगवान राम के नाम पर जुटाया गया चंदा और चढ़ावा आखिर किसके संरक्षण में लूटा गया? यह केवल आर्थिक घोटाला नहीं है बल्कि यह करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था, विश्वास और भावनाओं के साथ किया गया घोर विश्वासघात है। श्री तिवारी ने आरोप लगाया कि भाजपा राम द्रोहीं है, उसने पहले चंदा में हेराफेरी करवायी अब चढ़ावा में चोरी की। कहा कि भाजपा ने राम मंदिर के निर्माण के समय रामशिला पूजन के नाम से जो 14 हजार करोड़ रुपए से अधिक राशि एकत्रित हुई थी। उसका जवाब आरएसएस एवं भाजपा के लोग नहीं दे पाये। उनके ही सहयोगी नेताओं ने ही राम मंदिर निर्माण के समय एकत्रित किये चंदे का आरोप लगाया था। जिन लोगों ने मंदिर बनाने के नाम पर चंदा में हेराफेरी किया था, वही लोग मंदिर बनने के बाद चढ़ावे में हेराफेरी करने लगे।

इन सबकी पृष्ठभूमि आरएसएस और भाजपा की रही है। राम मंदिर न्यास ट्रस्ट का गठन गृहमंत्री अमित शाह ने किया था। इसलिए वहां पर घोटाले की नैतिक जिम्मेदारी मोदी और शाह की बनती है। उन्होंने कहा कि जब ट्रस्ट का गठन प्रधानमंत्री की देखरेख में हुआ, तो इस घोटाले की जवाबदेही कौन लेगा? अगर सब कुछ ठीक था, तो चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे क्यों हुए? अगर कुछ लगत नहीं हुआ, तो सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र जांच से डर किस बात का है?

               उन्होंने कहा कि यह जग जाहिर है कि ट्रस्ट के प्रशासनिक ढांचे और शीर्ष नियुक्तियों में प्रधानमंत्री कार्यालय पीएमओ की सक्रिय भूमिका रही है। ऐसे में केंद्र सरकार अपनी जवाबदेही से स्वयं को अलग नहीं कर सकती। 22 जनवरी 2024 की प्राण-प्रतिष्ठा पर लगभग 113 करोड़ रुपए खर्च किए गए। जिसमें लगभग 8000 अतिथि शामिल हुए। 25 नवंबर 2025 के ध्वजारोहण कार्यक्रम में 10.12 करोड़ रुपए खर्च किए गए। फर्जी रसीदों,नकद चढ़ावे, लेखा जोखा और कथित हेराफेरी के अनेक आरोप सामने आए हैं। छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई की जा रही है, जबकि ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों की जवाबदेही अब तक तय नहीं हुई है। यही नहीं, भाजपा .आरएसएस ने न प्रभु श्रीराम के चंदे को छोड़ा और ना ही अब उत्तराखंड के श्री बद्रीनाथ मंदिर को।

               श्री तिवारी ने कहा कि प्रधानमंत्री स्पष्ट करें कि ट्रस्ट के गठन,शीर्ष नियुक्तियों और प्रशासनिक निगरानी में उनकी सरकार और प्रधानमंत्री कार्यालय की क्या भूमिका रही है और इतने गंभीर आरोपों के बाद वे अब तक मौन क्यों है? कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि वर्तमान ट्रस्ट को भंग कर धर्माचार्यों, प्रतिष्ठित नागरिकों, प्रशासनिक विशेषज्ञों और स्वतंत्र सदस्यों के साथ एक नया, पारदर्शी और जवाबदेह ट्रस्ट गठित किया जाए। राम मंदिर के लिए प्राप्त समस्त चंदे, चढ़ावे, भूमि खरीद, आयोजनों और व्ययों का स्वतंत्र फोरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए। उन्होंने कहा देश के सभी बड़े मंदिरों का नियंत्रण सरकार के हाथ में है। इसे धर्माचार्यों के नियंत्रण में देना चाहिए।


अन्य पोस्ट