महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुद,16 जुलाई। बागबाहरा वन परिक्षेत्र में साही (इंडियन पॉर्कुपाइन) के अवैध शिकार का एक बड़ा मामला सामने आया है। रैताल बीट के आरक्षित वन क्षेत्र में साही का शिकार कर उसका मांस आपस में बांटने वाले पांच आरोपियों को वन विभाग ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद सीधे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
वनमंडलाधिकारी मयंक पाण्डेय ने बताया कि वन परिक्षेत्र अधिकारी नवीन वर्मा को सूचना मिली थी कि जंगल में किसी वन्यजीव का अवैध शिकार हुआ है। जिस पर वन विभाग की टीम ने रैताल बीट के आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 154 में दबिश दी। मौके पर जांच करने पर साही (इंडियन पॉर्कुपाइन) के अवैध शिकार की पुष्टि हुई। इसके बाद वन विभाग की टीम ने आसपास के क्षेत्रों में विवेचना की। संदेहियों से पूछताछ के दौरान ग्राम नवाडीह खम्हरिया के पांच ग्रामीणों की इस शिकार में संलिप्तता पाई गई। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जांच में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपियों ने साही को मारने के बाद उसके मांस को टुकड़ों में काटा। फिर आपस में बांटकर अपने-अपने घर ले गए। अपराध सिद्ध होने पर वन विभाग ने 13 जुलाई को कई धाराओं के तहत वन अपराध प्रकरण पंजीबद्ध किया। वन विभाग ने साही के शिकार और मांस की तस्करी के आरोप में गिरधारी गोंड़, लोकनाथ गोंड़, नागेश्वर गोंड़, सियाराम राजपूत तथा नरसिंह कुमार को गिरफ्तार किया है।