महासमुन्द
महासमुद,16 जुलाई। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल सीजीबीएसई द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं की पूरक द्वितीय मुख्य परीक्षाएं समाप्त हुए कई दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक परिणाम घोषित नहीं हुआ है। महासमुंद जिले में 2,500 से 4 हजार विद्यार्थियों ने पूरक परीक्षा दी है, जो इन दिनों अपने परिणाम का इंतजार कर रहे हैं। पूरक परीक्षाएं 8 से 22 जुलाई के बीच आयोजित की गई थीं।
नए शिक्षा सत्र को शुरू हुए लगभग एक माह हो चुका है। स्कूलों और कॉलेजों में नियमित पढ़ाई आगे बढ़ चुकी है। पूरक परीक्षा देने वाले विद्यार्थी अभी भी परिणाम के अभाव में असमंजस की स्थिति में हैं। कई छात्र-छात्राएं यह तय नहीं कर पा रहे हैं कि वे अगली कक्षा में प्रवेश ले पाएंगे या नहीं। इस तरह परिणाम में लगातार हो रही देरी का सीधा असर उनकी पढ़ाई पर पडऩे लगा है। 12वीं के विद्यार्थियों की परेशानी और भी अधिक है। कॉलेजों, व्यावसायिक पाठ्यक्रमों और अन्य उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश प्रक्रिया जारी है।
ऐसे में समय पर परिणाम नहीं आने से अनेक छात्र आवेदन, दस्तावेज सत्यापन और प्रवेश संबंधी प्रक्रियाओं से वंचित हो सकते हैं। वहीं 10वीं के विद्यार्थियों को भी विषय चयन और स्कूल प्रवेश को लेकर अनिश्चितता का सामना करना पड़ रहा है। फिलहाल हजारों विद्यार्थियों की निगाहें विभाग की आधिकारिक वेबसाइट और आगामी घोषणा पर टिकी हुई हैं।
बीएल देवांगन प्रभारी डीईओ, जिला शिक्षा कार्यालय महासमुंद का कहना है कि अभी तक पूरक के परिणाम नहीं आए हैं, लेकिन घबराने की बात नहीं है। प्रतिवर्ष इसी तरह की स्थिति निर्मित होती है। विद्यार्थी अपने प्राचार्यों से मिलकर सलाह ले सकते हैं।