महासमुन्द

हाथी की आवाजाही से दहशत, सुरक्षा सुनिश्चित करें प्रशासन-संजय यादव
14-Jul-2026 7:49 PM
हाथी की आवाजाही से दहशत, सुरक्षा सुनिश्चित करें प्रशासन-संजय यादव

महासमुंद, 14 जुलाई। आम आदमी पार्टी के प्रदेश सचिव संजय यादव ने विज्ञप्ति जारी कर कहा है कि महासमुंद क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से जंगली हाथियों की बढ़ती आवाजाही एवं उससे उत्पन्न समस्याओं को लेकर क्षेत्र के ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। लगातार हो रही फसलों की बर्बादी, घरों को नुकसान तथा जन-हानि की घटनाओं ने आमजन के जीवन को गंभीर रूप से प्रभावित किया है।

उन्होंने कहा है कि विभिन्न ग्रामों से मिली जानकारी के अनुसार, हाथियों के झुंड रात के समय खेतों में घुसकर धान एवं अन्य फसलों को भारी नुकसान पहुंचा रहे हैं। कई स्थानों पर ग्रामीणों के घरों को भी क्षति पहुंची है, जिससे प्रभावित परिवारों को आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। पिछले पांच वर्षों में ही हाथी के हमले से क्षेत्र के विभिन्न इलाकों के करीब 12 ग्रामीणों ने जान गंवाई है। वहीं सैंकड़ों एकड़ फसलों की बर्बादी और दर्जनों घर उजड़ चुके हैं।

श्री यादव ने बताया कि हाथियों के रोकथाम के लिए सरकार और प्रशासन की ओर से किए गए उपाय कारगर साबित नहीं हुआ है। क्षेत्र में हाथियों के झुंड लगातार विचरण कर रहे हैं। अभी हाल ही में महासमुंद शहर के करीब सिरपुर क्षेत्र में हाथियों की हलचल देखी गई। इससे पूरे क्षेत्र में दहशत व्याप्त है।

इस गंभीर स्थिति को देखते हुए आम आदमी पार्टी सरकार से मांग करती है कि प्रभावित क्षेत्रों में वन विभाग की सतत निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में स्थायी समाधान के रूप में सोलर फेंसिंग या अन्य प्रभावी उपाय किए जाए।

 प्रभावित किसानों एवं परिवारों को शीघ्र और उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। ग्रामीणों को समय-समय पर जागरूकता एवं सुरक्षा प्रशिक्षण दिया जाए। हाथियों को सुरक्षित वन क्षेत्र में वापस भेजने हेतु विशेष अभियान चलाया जाए। आम आदमी पार्टी का कहना है कि हाथियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन त्वरित एवं ठोस कदम उठाए,ताकि क्षेत्र के नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके और उनके जीवन एवं आजीविका पर पड़ रहे संकट को कम किया जा सके।


अन्य पोस्ट