महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 12 जुलाई। स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 07 जुलाई 2026 को अंतर्राष्ट्रीय हॉकी स्टेडियम रायपुर में आयोजित किया गया जिसमें रायपुर, धमतरी, गरियाबंद एवं महासमुंद जिले की टीम शामिल हुई। नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में महासमुंद जिले के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा विकासखंड महासमुंद के बालक 17 वर्ष में सागर सेन, सागर चंद्राकर, हर्ष बघेल, देवेश चंद्राकर, टोमेश चंद्राकर, सेवक राम, जय चंद्राकर, खिलेश्वर साहू, अरविंद विश्वकर्मा, देवेंद्र ध्रुव, गणेश्वर, जोहन कोसरे, लीलेश्वर साहू, अनुज यादव, निहाल यादव एवं जीतू ध्रुव शामिल हुए।
जिले के खिलाडिय़ों ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए फाइनल में प्रवेश किया एवं फाइनल मैच में गरियाबंद को हराकर विजेता बनीं। मैच में मुख्य रूप से सागर सेन राष्ट्रीय खिलाड़ी, सागर चंद्राकर, हर्ष, देवेश, टोमेश, सेवकराम, अरविंद ने अपने खेल कौशल का अच्छा प्रदर्शन करते हुए टीम को फाइनल तक पहुंचाया एवं फाइनल मैच में गरियाबंद को 3.1 से हराकर महासमुंद जिले को विजेता बनाया।
मालूम हो कि ग्रामीण क्षेत्र बेमचा महासमुंद के बालक 17 वर्ष के खिलाडिय़ों ने संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में लगातार 5वें साल भागीदारी करते हुए फाइनल में जगह बनाई एवं संभाग विजेता बनने के साथ ही शासकीय उमा वि बेमचा के 16 खिलाड़ी राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी प्रतियोगिता में अपना स्थान बनाने में सफल रहे हैं। जिला प्रशासन तथा खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा पर्याप्त हॉकी के संसाधन उपलब्ध गया हैं जिसमें हॉकी खेल में ग्रामीण क्षेत्र के खिलाडिय़ों को बेहतर परिणाम मिल रहा हैं।
खेल विभाग से जारी खबर के अनुसार खेल एवं युवा कल्याण महासमुन्द द्वारा ग्रामीण क्षेत्र खेल अभ्यास योजना अंतर्गत संस्था को वर्ष भर प्रशिक्षण हेतु खेल सामग्री प्रदाय किया जा रहा है। जिससे व्यायाम शिक्षक डॉ.सेवन दास मानिकपुरी के माध्यम से नियमित अभ्यास कराया जा रहा हैं। ये खिलाड़ी पिछले कई वर्षों से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बेमचा खेल मैदान में अपनी प्रारंभिक अभ्यास करते हुए कई राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में शामिल होकर पदक जीतने में सफल हुए हैं तथा राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भागीदारी कर रहे हंै।
गौरतलब है कि पिछले सालों जिले से गणेश सेन एवं डोगेश निषाद ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल नेशनल हॉकी चैंपियनशिप रांची झारखंड में भागीदारी करने में सफलता हासिल किया था।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में विजेता बनने एवं राज्य स्तरीय नेहरू हॉकी जशपुर में चयन होने पर महासमुन्द विधायक योगेश्वर राजू सिन्हा, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिलाध्यक्ष येतराम साहू, अध्यक्ष जिला हॉकी संघ राहुल चंद्राकर, जनपद पंचायत सदस्य संगीता चंद्राकर, आनंद साहू, डा. रश्मि चंद्राकर,खेल अधिकारी खेल एवं युवा कल्याण मनोज धृतलहरे, जिला शिक्षा अधिकारी बी एल देवांगन, सहायक क्रीड़ा अधिकारी अंजलि बरमाल, भोपाल सिंह बंजारा आदि ने शुभकामनाएं दी हैं।