महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,12 जुलाई। छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने कल शनिवार को जिला न्यायालय का औचक निरीक्षण किया तथा लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर स्थित न्यायालय कक्ष, मालखाना, रिकार्ड रूम, नजारत,ग्रन्थालय, अधिवक्ता कक्ष और डिजीटाईजेशन केन्द्र का व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया। न्यायालय कक्ष एवं अनुभाग के निरीक्षण के दौरान कार्यो में संतोष जाहिर किया तथा परिसर की साफ.-सफाई, गार्डन के रख.रखाव के व्यवस्थाओं की सराहना की।
अवलोकन के दौरान उन्होंने उपस्थित न्यायाधीशों को लंबित प्रकरणों को त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए एवं प्रोत्साहित किया। कहा कि कोई लंबित मामले जैसे 10 वर्षो की अवधि से अधिक हो गई हो, अथवा वरिष्टजनों से संबंधित प्रकरणों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करें।
उन्होंने आम नागरिकों को उपलब्ष्ध कराई जा रही सुविधाओं की समीक्षा की और न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी पारदर्शी एवं सुदृढ बनाने के उददेश्य से विभिन्न व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया। मुख्य न्यायाधिपति लगातार राज्य के न्यायिक प्रणाली को सुदृढ करने के लिए प्रयासरत हैं और उनके द्वारा पूर्व में भी राज्य केे सभी जिला एवं सत्र न्यायालयों का निरीक्षण किया गया था। उन्होंने आगामी 18 जुलाई 2026 को आयोजित होने वाले विशेष लोक अदालत में धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम चेक बाऊंस के प्रकरणों की संख्या की जानकारी ली तथा समझौता योग्य मामलों पर पक्षकरों की सहमति से योग्य प्रकरणों का त्वरित गति से निराकरण करने के भी निर्देश दिए।
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महासमुंद ने उनके आगमन पर पुष्पगुच्छ से स्वागत किया। जिला अधिवक्ता संघ से मुलाक़ात के दौरान उन्होंने बार एवं बेंच के मध्य आपसी सामंज्यस स्थापित करने की बात कही ताकि आम जनता को समय पर न्याय मिल सके। इस अवसर पर जॉइंट रजिस्ट्रार.कम.प्रिंसिपल प्राइवेट सेक्रेटरी एम.वी. एल एन सुब्रमण्यम तथा प्रोटोकॉल अधिकारी रविंदर सिंह नेगी भी उपस्थित रहे।
न्यायमूर्ति रमेश सिन्हा ने जिला न्यायालय परिसर स्थित वैकल्पित विवाद समाधान केन्द्र एडीआर भवन का भी निरीक्षण किया और वहां स्थापित मध्यस्थता कक्ष, क्रिमीनल प्रकरणों के पैरवी हेतु स्थापित एलएडीसीएस कक्ष, पैरालिगल वालेटिंयर प्रशिक्षण कक्ष एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कार्यालय को देखा।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय के रजिस्ट्रार जनरल रजनीश श्रीवास्तव, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश महासमुन्द अनिता डहरिया प्रधान, कुटुम्ब न्यायालय के न्यायाधीश प्रफुल्ल कुमार सोनवानी एवं अन्य न्यायाधीशगण, कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार व महासमुंद के अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थेे।