महासमुन्द

मणिकंचन केंद्र में बायो मेडिकल वेस्ट डंप, अस्पताल को नोटिस, तीन दिन के भीतर मांगा जवाब
11-Jul-2026 4:05 PM
मणिकंचन केंद्र में बायो मेडिकल वेस्ट डंप, अस्पताल को नोटिस, तीन दिन के भीतर मांगा जवाब

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद,11जुलाई। महासमुंद के तुमाडबरी स्थित मणिकंचन केंद्र में बायो मेडिकल वेस्ट डंप किए जाने के मामले में नगर पालिका प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए अस्पताल प्रशासन को नोटिस जारी करते हुए तीन दिनों के भीतर जवाब मांगा है।

 मिशन क्लीन सिटी के नोडल अधिकारी नौशाद बख्श ने बताया कि मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन को पत्र जारी कर तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने कहा गया है। निर्धारित समय में जवाब नहीं मिलने अथवा संतोषजनक उत्तर नहीं देने की स्थिति में मामले की जानकारी उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी।  जानकारी के अनुसार मनी कंचन केंद्र में सामान्य कचरे के बीच बायो मेडिकल वेस्ट पाए जाने के बाद पालिका प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है। बायो मेडिकल कचरे में अस्पतालों से निकलने वाली संक्रमित सामग्री,उपयोग की गई सिरिंज, पट्टियां और अन्य चिकित्सकीय अपशिष्ट शामिल होते हैं। जिनका निस्तारण निर्धारित नियमों के तहत अलग से किया जाना अनिवार्य है।

     नौशाद बख्श ने बताया कि इस प्रकार का कचरा सामान्य ठोस अपशिष्ट के साथ नहीं डाला जा सकता। मामले की जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि संबंधित कचरा ट्रैक्टर में भरकर मनी कंचन केंद्र तक क्यों और कैसे पहुंचा। अस्पताल प्रबंधन से इस संबंध में तथ्यात्मक जानकारी मांगी गई है। इस मामले के सामने आने के बाद शहर में बायो मेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। लोगों का कहना है कि स्वास्थ्य संस्थानों से निकलने वाले अपशिष्ट के निपटान में लापरवाही से संक्रमण फैलने और पर्यावरण प्रदूषण का खतरा बढ़ सकता है।  तुमाडबरी स्थित मणिकंचन एसएलआरएम सेंटर के पुराने डंपिंग यार्ड में मेडिकल कॉलेज सह जिला अस्पताल द्वारा कथित रूप से लगभग तीन ट्रैक्टर बायो-मेडिकल अपशिष्ट डंप किए जाने की घटना को नपाध्यक्ष निखिलकांत साहू ने अत्यंत गंभीर एवं जनस्वास्थ्य के लिए चिंताजनक बताया था नपाध्यक्ष श्री साहू ने विज्ञप्ति में कहा कि बायो-मेडिकल अपशिष्ट का खुले स्थान पर डंप किया जाना न केवल पर्यावरण एवं स्वच्छता के लिए गंभीर खतरा है, बल्कि इससे संक्रमण फैलने की आशंका भी है।

पालिका प्रभारी के विरोध के बावजूद ऐसा किया गया है, तो यह अत्यंत आपत्तिजनक है और इसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है। अध्यक्ष ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को निर्देशित किया था कि पूरे मामले का पंचनामा तैयार कर आवश्यक साक्ष्य सुरक्षित किए जाएं तथा संबंधित अस्पताल प्रबंधन से स्पष्टीकरण प्राप्त करते हुए प्रकरण की जानकारी जिला प्रशासन एवं अन्य सक्षम प्राधिकारियों को भेजी जाए। अब निगाहें अस्पताल प्रबंधन के जवाब पर टिकी हैं। जवाब मिलने के बाद नगर पालिका आगे की कार्रवाई तय करेगी। आवश्यकता पडऩे पर सम्बंधित विभागों को कार्रवाई की अनुशंसा भी की जा सकती है। रिपोर्ट भेजकर जांच और नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 


अन्य पोस्ट