महासमुन्द

खड़ी बोर गाड़ी से टकराई यात्री बस, कई घायल चालक पर मामला दर्ज, जांच शुरू
07-Jul-2026 4:41 PM
खड़ी बोर गाड़ी से टकराई यात्री बस, कई घायल  चालक पर  मामला दर्ज, जांच शुरू

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 7 जुलाई। जिले के बसना-बिलाईगढ़ मुख्य मार्ग पर खड़ी बोर गाड़ी से एक यात्री बस की टक्कर हो जाने से कई यात्री घायल हो गए। दुर्घटना में घायल यात्रियों को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए महासमुंद रेफर किया गया है। उपचार के बाद घायल यात्री की रिपोर्ट पर बसना पुलिस ने बस चालक के खिलाफ  मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार ग्राम अमलीडीह पिथौरा निवासी परमानंद यादव ने पुलिस को बताया कि वह 10 जून को अपने पिता लक्ष्मण यादव के साथ बहन के उपचार के लिए बिलासपुर गये थे। उपचार के बाद दोनों राजधानी यात्री बस क्रमांक सीजी 04 ई 1591 से बसना लौट रहे थे। शाम करीब सात बजे जब बस बसना-बिलाईगढ़ मार्ग पर ग्राम भालूपतेरा के पास पहुंची। तभी सडक़ किनारे पहले से खड़ी बोर गाड़ी ट्रक क्रमांक सीजी 06 जीआर 3880 से बस की जोरदार टक्कर हो गई।

बताया गया है कि बस चालक तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहा था। जिसके कारण वह सडक़ किनारे खड़े वाहन को नहीं बचा सका और सीधे उससे जा भिड़ा। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को चोटें आईं हैं। सूचना मिलते ही घायलों को एम्बुलेंस के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बसना पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

परमानंद यादव की स्थिति गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए महासमुंद स्थित अकाल पूरख अस्पताल रेफर कर दिया, जहां उनका उपचार कराया गया। उपचार के बाद 4 जुलाई को परमानंद यादव ने बसना थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर बस चालक के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 125 क 281 तथा मोटर वाहन संबंधी प्रावधानों के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है।


अन्य पोस्ट