महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जुलाई। बसना नगर में ढाई वर्ष पूर्व 13 दुकानों का एक साथ शटर तोडक़र चोरी करने की घटना के बाद एक बार फिर शटर तोडक़र सिलसिलेवार चोरी की घटना ने व्यापारियों की चिंता बढ़ा दी है।
रविवार-सोमवार की दरमियानी रात अज्ञात चोरों ने नगर के अलग-अलग हिस्सों में स्थित 7 दुकानों के शटर तोडक़र नकदी और अन्य सामान पार कर दिया। एक ही रात में 7 दुकानों को निशाना बनाए जाने से नगर में दहशत का माहौल है।
जानकारी अनुसार इस घटना ने 14 नवंबर 2023 की रात हुई 13 दुकानों में एक साथ चोरी की याद भी ताजा कर दी है। बीते रविवार रात नगर में देर रात तक मूसलाधार बारिश होती रही। सोमवार सुबह जब दुकानदार अपनी-अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो शटर टूटे देखा। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार भारत मोबाइल रिपेयरिंग सेंटर, राधे कपड़ा बाजार,लक्ष्मी चॉइस सेंटर, कन्याशाला के पास तथा वाधवा कॉम्प्लेक्स की दो दुकानों सहित कुल सात प्रतिष्ठानों में चोरी की घटना हुई है। पुलिस सभी प्रभावित दुकानों से चोरी हुए नकदी एवं सामान का आंकलन कर रही है।
थाना प्रभारी शरद दुबे ने व्यापारियों को आश्वस्त किया है कि पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। घटनास्थलों से साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उन्होंने विश्वास दिलाया कि चोरी की वारदात में शामिल आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। साथ ही नगर में रात्रिकालीन गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।