महासमुन्द

प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत, शिक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश
07-Jul-2026 4:31 PM
प्रवेश उत्सव में नवप्रवेशी बच्चों का स्वागत, शिक्षा और नशामुक्ति का दिया संदेश

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

बागबाहरा, 7 जुलाई। नए शिक्षण सत्र 2026-27 की शुरुआत के अवसर पर विकासखंड बागबाहरा के ग्राम पंचायत बोकरामुड़ा खुर्द अंतर्गत शासकीय प्राथमिक शाला मडिय़ापारा में प्रवेश उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर शासकीय प्राथमिक शाला बोकरामुड़ा खुर्द, प्राथमिक शाला मडिय़ापारा तथा प्राथमिक शाला कण्डीझर के नवप्रवेशी विद्यार्थियों का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों, पालकों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति ने आयोजन को गरिमामय बना दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनपद पंचायत बागबाहरा के अध्यक्ष केशव नायकराम चन्द्राकर  रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता जनपद पंचायत बागबाहरा के उपाध्यक्ष तरूण व्यवहार ने की। विशेष अतिथि के रूप में सरपंच संघ अध्यक्ष एडीसन ठाकुर, विधायक प्रतिनिधि दुर्गेश यादव, जनपद सदस्य मंगलू ठाकुर, मुबारक खान, ग्राम पंचायत बोकरामुड़ा खुर्द के सरपंच गौतम मांझी, ग्राम पंचायत बोकरामुड़ा कला की सरपंच कौशिल्या पवन ठाकुर, शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष भोजराम मांझी, शाला प्रबंधन एवं विकास समिति के अध्यक्ष ईश्वर चन्द्राकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर एवं पूजा अर्चना के साथ किया गया। इसके बाद सभी अतिथियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों और ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से राष्ट्रगान तथा छत्तीसगढ़ राजगीत का गायन किया। विद्यालय के बच्चों ने आकर्षक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। रंगारंग प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों और ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साहवर्धन किया।

मुख्य अतिथि केशव नायक राम चन्द्राकर ने कहा कि शिक्षा ही बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की सबसे मजबूत नींव है। उन्होंने कहा कि आज के बच्चे ही आने वाले समय में समाज और देश की दिशा तय करेंगे, इसलिए प्रत्येक अभिभावक का दायित्व है कि वह अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजे और उनकी पढ़ाई पर विशेष ध्यान दे। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने और बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, जिनका लाभ प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुंचना चाहिए।

उन्होंने शिक्षकों से आह्वान किया कि वे केवल पाठ्यक्रम पूरा करने तक सीमित न रहें, बल्कि बच्चों में संस्कार, अनुशासन, नैतिक मूल्य और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना भी विकसित करें। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और नियमित अध्ययन को सफलता की कुंजी बताते हुए बड़े लक्ष्य निर्धारित करने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने समाज को नशामुक्त बनाने का संदेश देते हुए कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। सभी लोगों को नशे से दूर रहकर शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक विकास को प्राथमिकता देनी चाहिए।

कार्यक्रम को जनपद उपाध्यक्ष तरुण व्यवहार संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला और पालकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के माध्यम से ही ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। शिक्षकों से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने का आग्रह किया गया।

इसके पश्चात अतिथियों ने नवप्रवेशी विद्यार्थियों का गुलाल लगाकर, पुष्पवर्षा कर तथा अध्ययन सामग्री वितरित कर आत्मीय स्वागत किया। बच्चों का तिलक लगाकर विद्यालय में प्रवेश कराया गया। इस दौरान बच्चों और उनके अभिभावकों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ दिखाई दिया।

कार्यक्रम में संकुल समन्वयक मेघराज साहू सहित शिक्षक खेमराज चन्द्राकर, डोमार दास वैष्णव, हेमूराम दीवान, उपेन्द्र ध्रुव, जनक राम ध्रुव, मोहित चन्द्राकर, नंद कुमार साहू, अपूर्व सुमन सिंह, संतोष ध्रुव तथा लोचन सिंह साहू सहित बड़ी संख्या में शिक्षक, पालक एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन खेमराज चन्द्राकर ने किया।

प्रवेश उत्सव का यह आयोजन न केवल नवप्रवेशी बच्चों के स्वागत का अवसर बना, बल्कि शिक्षा के प्रति जनजागरूकता, विद्यालय से जुड़ाव और नशामुक्त समाज के निर्माण का प्रभावी संदेश भी देकर क्षेत्रवासियों के लिए प्रेरणादायी साबित हुआ।


अन्य पोस्ट