महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 7 जुलाई । महासमुंद जिले के तुमगांव थाना क्षेत्र के ग्राम गोपालपुरा में मछली पकडऩे के दौरान तेज बहाव में बह गए युवक का शव मंगलवार सुबह 11बजे घटनास्थल से करीब 1 किलोमीटर दूर बरामद किया गया है। जलस्तर कम होने के बाद नगर सेना की रेस्क्यू टीम ने खोजबीन शुरू की थी। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए तुमगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार ग्राम गोपालपुरा निवासी रामेश्वर निषाद (21) सोमवार दोपहर करीब 2 बजे घर से निकला था। वह नेशनल हाईवे-53 पार कर बालिका छात्रावास के पीछे स्थित गोपालपुरा एनीकट में मछली पकडऩे गए था। लगातार बारिश के कारण एनीकट में पानी का बहाव अत्यधिक तेज था। इसके बावजूद रामेश्वर एनीकट पार कर दूसरी ओर जाने का प्रयास कर रहा था, तभी उसका पैर फिसल गया और वह तेज धारा में बह गया।
आज मंगलवार सुबह एनीकट का गेट बंद कर जलस्तर कम किया गया। इसके बाद नगर सेना की टीम ने दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया। सुबह करीब 11 बजे एनीकट से लगभग एक किलोमीटर दूर रामेश्वर का शव बरामद कर लिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुमगांव भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।