महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 6 जुलाई। ट्रक के पीछे खाली डाला के ऊपर तालपत्री को दो परत करके बीच में ले जा रहे 16 लाख का गांजा पुलिस ने जब्त कर ओडिशा के 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार इस बार गांजा तस्करों ने नया और बेहद शातिर तरीके के गांजा तस्करी की योजना बनाई थी। जिन्हें मुखबिर की सूचना पर महासमुंद जिले में प्रवेश के पहले ही टेमरी जांच नाका में पकड़ लिया गया।
थाना कोमाखान पुलिस को सूचना मिली थी कि ओडिशा से छत्तीसगढ़ की ओर एक ट्रक में 02 व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ गांजा परिवहन कर रहे हैं। सूचना पर टेमरी जांच नाका में उक्त ट्रक को रोककर वाहन चालक व सवार से नाम पता पूछा गया।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम प्रदीप महापात्र तथा हाडुुबंधु स्वांई दोनों निवासी ओडिशा बताया। आरापियों ने गांजा तस्करी की बात कबूल की। बताया कि यह खेप बेगुनियापड़ा गंजाम ओडिशा से खरीदकर सूरत गुजरात में खपाने के लिए ले जा रहे थे।
आरोपियों को गिरफ्तार कर उनसे 16 लाख 35 सौ रुपए कीमत 32.070 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अवैध गांजा परिवहन में प्रयुक्त वाहन ट्रक, 2 मोटर साइकिल, 1 स्कूटी, 2 मोबाइल एवं नगदी रकम 17 हजार रुपए सहित कुल 28 लाख 37 हजार 500 रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।
आरोपियों के विरूद्ध धारा 20,29 एनडीपीएस एक्ट पंजीबद्ध कर दोनों को जेल भेज दिया गया है।