महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 5 जुलाई। भारतीय जनता पार्टी कार्यालय महासमुंद में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन एवं कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आए प्रदेश, जिला एवं मंडल पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं एवं वरिष्ठजनों की उपस्थिति रही।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राजेंद्र शर्मा ने अपने उद्बोधन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्र निर्माण में अतुलनीय योगदान, उनके त्याग, राष्ट्रवाद के प्रति अटूट समर्पण तथा अखंड भारत के संकल्प पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य अल्पसंख्यक आयोग के अध्यक्ष अमरजीत सिंह छाबड़ा,भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू, छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर, पूर्व सांसद एवं मोर्चा-प्रकोष्ठ के प्रदेश सहसंयोजक चुन्नीलाल साहू, पूर्व राज्य मंत्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक रामलाल चौहान, पूर्व विधायक परेश बागबाहरा, मोती साहू, जिला महामंत्री थानसिंह दीवान, जिला महामंत्री जितेन्द्र त्रिपाठी ने संबोधित किया। सम्मेलन में प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल पदाधिकारी, मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा जिले के अनेक गणमान्य वरिष्ठजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।