महासमुन्द

3 बीज दुकानों में अनियमितता मिली, नोटिस
05-Jul-2026 6:19 PM
3 बीज दुकानों में अनियमितता मिली, नोटिस


महासमुंद,5जुलाई। बीते गुरुवार को उप संचालक कृषि एफ आर कश्यप के मार्गदर्शन में जिला स्तरीय निरीक्षण दल ने ग्राम लभराखुर्द स्थित मेसर्स प्रांकुर बीज उत्पादक कल्याण समितिए मेसर्स श्री गंगा सीड्स एवं मेसर्स अन्ना सीड्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान संबंधित बीज विक्रेताओं के यहां निर्धारित मानकों के अनुरूप अनियमितताएं पाई गईं। इस पर कृषि विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। विभाग ने बताया कि किसानों के हितों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा बीज की गुणवत्ता और आपूर्ति व्यवस्था पर लगातार निगरानी जारी रहेगी।
उप संचालक कृषि श्री कश्यप ने जिले के किसानों से अपील की है कि वे बीज खरीदते समय अधिकृत विक्रेता से ही बीज लें तथा खरीदी का बिल अवश्य प्राप्त करें। यदि किसी प्रकार की अनियमितता या शिकायत हो तो किसान अपने क्षेत्र के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी अथवा उप संचालक कृषि कार्यालय, महासमुंद में शिकायत दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने कहा कि राज्य शासन का उद्देश्य खरीफ 2026 के दौरान किसानों तक उन्नत बीज एवं उर्वरकों की समय पर और सुगमता से उपलब्धता सुनिश्चित करना है। इसके लिए विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।


अन्य पोस्ट