महासमुन्द

बार वनांचल के ग्रामीणों का आंदोलन स्थगित
04-Jul-2026 4:19 PM
 बार वनांचल के ग्रामीणों का आंदोलन स्थगित

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

पिथौरा, 4 जुलाई। बारनवापारा वन क्षेत्र के ग्रामीणों की बुनियादी मांगों के संबंध में बलौदाबाजार कलेक्टर के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों और ग्रामीणों के बीच एक बैठक संपन्न हुई। बैठक में विद्युतीकरण समेत अन्य मांगों पर चर्चा के बाद ग्रामीणों ने 5 जुलाई से प्रस्तावित अपना आंदोलन स्थगित कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार, ग्रामीणों द्वारा 5 जुलाई से धरना प्रदर्शन और शाला बहिष्कार की चेतावनी दी गई थी। इसके बाद प्रशासनिक दल बुधवार (3 जुलाई) को ग्राम मोंहदा पहुंचा। अपर कलेक्टर की अगुवाई में पहुंचे अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर विभिन्न विषयों पर चर्चा की। इस बैठक में अपर कलेक्टर देवाशीष कुर्रे, तहसीलदार लव कुमार पटेल, विद्युत विभाग के जेई कृष्ण कुमार साहू और वन विभाग के अधीक्षक कृष्णानु चंद्राकर उपस्थित थे। अधिकारियों ने ग्रामीणों की मांगों को बिंदुवार सुना और उनके निराकरण की प्रक्रिया की जानकारी दी।

विद्युतीकरण के लिए 118 करोड़ का प्राक्कलन तैयार

बैठक में विद्युत विभाग के अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र में विद्युतीकरण के लिए 118 करोड़ रुपये का प्राक्कलन  तैयार कर उच्च कार्यालय को भेज दिया गया है। इसकी विस्तृत प्रगति रिपोर्ट आगामी दिनों में ग्रामीणों के साथ साझा की जाएगी। इस प्रक्रिया में लगभग 3 महीने का समय लग सकता है।

इसके अलावा, ग्रामीणों की अन्य मांगों जैसे सडक़ निर्माण, सामुदायिक वन अधिकार और सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र की प्रक्रियाओं को आगामी तीन महीने के भीतर पूरा करने का आश्वासन अधिकारियों द्वारा दिया गया है।

8 को ग्रामीणों की अगली बैठक

ग्रामीणों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर पिछले 5 वर्षों से प्रयास कर रहे थे। प्रशासन द्वारा समय-सीमा में कार्रवाई के आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने शर्तों के साथ फिलहाल आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों के अनुसार, यदि तय समय में मांगें पूरी नहीं होती हैं, तो वे पुन: आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

 आगे की रणनीति तय करने के लिए ग्रामीणों ने 8 जुलाई को एक बैठक बुलाई है।

इस बैठक में क्षेत्र के धरम रात्रे, सम्पत ठाकुर, संतोष ठाकुर, दिनेश ठाकुर, अनिरुद्ध दीवान, पुरुषोत्तम प्रधान, बेदराम बरिहा, डिग्री प्रधान, भुवन यादव, प्रवीण साहू, उमाशंकर, हेम कुमार दीवान, अंजोर सिंह, नाथूराम, दीपक ठाकुर, नारायण यादव सहित अन्य स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

पहले विद्युत विभाग बजट स्वीकृति कराएगा-अधीक्षक

इस मामले में बार अभ्यारण्य अधीक्षक कृष्णानु चंद्राकर ने ‘छत्तीसगढ़’को बताया कि पहले विद्युत विभाग द्वारा बजट स्वीकृत करवाया जाएगा, जिसके बाद इसे केंद्र सरकार को स्वीकृति हेतु भेजा जाएगा।  केंद्र द्वारा वन विभाग का अभिमत लेकर अंतिम स्वीकृति दी जाएगी। वर्तमान में विद्युत विभाग द्वारा इसकी प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। 


अन्य पोस्ट