महासमुन्द

खेत में मिली ओडिशा के युवक की लाश
29-Jun-2026 3:51 PM
खेत में मिली ओडिशा  के युवक की लाश

महासमुंद, 29 जून। सांकरा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति का शव खेत में मिला है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान ओडिशा के बरगढ़ जिला निवासी मेघनाथ लुहूरा के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक मानसिक रूप से परेशान रहता था और कुछ दिन पहले घर से बिना बताए निकल गया था।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सांकरा थाना क्षेत्र के ग्राम रिखादादर में छातामहुआ चौक से जेराभरन जाने वाले रास्ते पर सुरेश कुमार भोई के खेत में एक व्यक्ति के मृत अवस्था में पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलने पर सांकरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मृतक की पहचान उसके पुत्र सुशील लुहूरा निवासी नित्यानंदपुर थाना झारबंध जिला बरगढ़ ने अपने पिता के मेघनाथ लुहूरा के रूप में की।

मृतक के पुत्र सुशील ने पुलिस को बताया कि उसके पिता मेघनाथ लुहूरा 25 जून की सुबह करीब 10 बजे घर से बिना किसी को बताए निकले थे। उनकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इसी बीच 28 जून को रिखादादर क्षेत्र के खेत में एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने की सूचना मिली।

पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया पूरी की। पुलिस ने बताया कि मृतक की मौत का वास्तविक कारण अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रथम दृष्टया मामला अज्ञात कारणों से मौत का प्रतीत हो रहा है। मामले में बीएनएस की धारा 194 के तहत कायम कर जांच की जा रही है।


अन्य पोस्ट