महासमुन्द

आसमान में बादल छाए, पर बारिश लापता
28-Jun-2026 6:59 PM
आसमान में बादल छाए, पर बारिश लापता

अब तक नाममात्र की ही बारिश दर्ज, खेती पिछड़ी

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 28 जून। जून का महीना समाप्त होने में अब मात्र दो दिन शेष हैं, लेकिन मानसून की दस्तक के बाद भी जिले में अब तक नाममात्र की ही बारिश दर्ज की गई है। पिछले चार दिनों से आसमान में बादल तो छाए हुए हैं, पर बारिश नहीं हो रही है। उमस ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। सुबह 10 बजे के बाद से ही तेज धूप और चिपचिपी उमस लोगों को परेशान कर रही है। इस बीच बिजली विभाग की अनियमित आपूर्ति ने हालात और कठिन बना दिए हैं।

स्थिति यह है कि शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक बिना किसी पूर्व सूचना के दिन में 5 से 6 बार बिजली गुल हो रही है। शनिवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि उच्च आद्र्रता के कारण वास्तविक अनुभव सामान्य से करीब 5 डिग्री अधिक यानी लगभग 41 डिग्री सेल्सियस जैसा महसूस हुआ। शाम के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही है। लगातार उमस और गर्मी के चलते मौसमी बीमारियों में भी वृद्धि देखी जा ही है।

जिला अस्पताल में पिछले एक सप्ताह से मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। सामान्यत: जहां ओपीडी 600 के भीतर रहती थी, वहीं अब यह आंकड़ा 700 के पार पहुंच गया है। चिकित्सकों के अनुसार मौसम में यह बदलाव स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल रहा है। लोगों को सावधानी बरतने की जरूरत है।

मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में कोई मजबूत मानसूनी सिस्टम सक्रिय न होने के कारण स्थानीय प्रभाव से सिर्फ बादल छा रहे हैं। जून में कोटे की तुलना में केवल 40 प्रतिशत बारिश हुई है। हालांकि अगले 48 घंटों में हल्की से मध्यम बौछार पडऩे की उम्मीद है।

देर से आ रहे मानसून के कारण खेती का काम करीब 15 दिन पिछड़ चुका है। किसानों का अनुमान है कि यदि हफ्तेभर में पानी नहीं गिरा तो फसल में 20 फीसदी तक का सीधा नुकसान होगा। इस बार खेतों की जुताई और खाद के लिए भी किसानों को ज्यादा परेशानी हो रही है।

जिला अस्पताल के डाक्टरों ने लोगों से अपील की है कि इस मौसम में खान-पान को लेकर बेहद सतर्क रहने की जरूरत है। धूप से आकर तुरंत ठंडा पानी न पीएं। उल्टी, दस्त, चक्कर आने या तेज बुखार होने पर तुरंत नजदीकी अस्पताल जाएं। शरीर में पानी की कमी न होने दें, ओआरएस या नींबू पानी का सेवन करते रहें।


अन्य पोस्ट