महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद, 25 जून। महासमुंद जिले के एक युवक को स्थायी सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। पीडि़त की शिकायत और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद महासमुंद थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले की विस्तृत विवेचना शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार महासमुंद के वार्ड नंबर 06 नयापारा निवासी पीडि़त गेंददास मानिकपुरी ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई है कि आरोपी रवि कुमार दुबे टिकरापारा रायपुर ने पीडि़त को आदिम जाति कल्याण विभाग और महासमुंद कलेक्ट्रेट के अंतर्गत भृत्य प्यून के पद पर स्थायी सरकारी नौकरी लगवाने का प्रलोभन दिया था। इस झांसे में आकर पीडि़त ने आरोपी को 5 लाख रुपए सौंप दिए। दर्ज प्राथमिकी के अनुसार यह पूरा घटनाक्रम वर्ष 2022 से शुरू हुआ था। आरोपी रवि कुमार दुबे ने नौकरी का फर्जी झांसा देकर पीडि़त से तीन अलग-अलग किस्तों में कुल 5 लाख रुपए वसूले।
पीडि़त के अनुसार आरोपी ने पहली किस्त 60 हजार रुपए और फिर 9 अक्टूबर 2022 को 52 हजार रुपए नगद लिए। इसके बाद आरोपी ने पीडि़त ेके मोबाइल नंबर से अपने फोन पर दो अलग-अलग बार में क्रमश: 3 लाख, 88 हजार रुपए की राशि ऑनलाइन ट्रांसफर करवाई। लंबे समय तक इंतजार करने के बाद जब पीडि़त को न तो नियुक्ति पत्र मिला और न ही विभाग से कोई सूचना आई, तब उसे ठगी का अहसास हुआ। पीडि़त गेंददास मानिकपुरी ने वर्ष 2023 में फरवरी और जून के महीनों में आरोपी से संपर्क कर अपनी गाढ़ी कमाई वापस लौटाने का आग्रह किया। इस पर आरोपी रवि कुमार दुबे ने पैसे वापस करने से इनकार कर दिया और 7 जून 2023 को मोबाइल पर बातचीत के दौरान पीडि़त को गंभीर परिणाम भुगतने और जान से मारेकी धमकी दे डाली।
परेशान होकर पीडि़त ने न्याय के लिए पुलिस अधीक्षक एसपी महासमुंद के समक्ष लिखित आवेदन प्रस्तुत कर कानूनी कार्रवाई की गुहार लगाई थी। जिला पुलिस कार्यालय से प्राप्त जांच रिपोर्ट और निर्देशों के बाद महासमुंद थाना में 23 जून 2026 को रात्रि 22.05 बजे आरोपी रवि कुमार दुबे के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। मामले की जांच का जिम्मा सहायक उप.निरीक्षक मानसिंह साहू को सौंपा गया है। जो इस पूरे वित्तीय लेन-देन के साक्ष्यों को खंगाल रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए जल्द ही एक विशेष टीम रायपुर भेजी जाएगी।