महासमुन्द

​आंखों में चला गया गर्म लावा, 3 माह तड़पने के बाद कर्मचारी ने दम तोड़ा, शिवालिक प्लांट के सामने शव रख प्रदर्शन
25-Jun-2026 3:00 PM
​आंखों में चला गया गर्म लावा, 3 माह तड़पने के बाद कर्मचारी  ने दम तोड़ा, शिवालिक प्लांट के सामने शव रख प्रदर्शन

कंपनी पहले अच्छे इलाज के वादे से मुकरी, फिर मुआवजा देने से

भी इनकार किया, बाद में माना

‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता

महासमुंद, 25 जून। जिला मुख्यालय के समीप ग्राम बेलसोंडा स्थित शिवालिक स्टील प्लांट हादसे में एक नियमित कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक 17 साल से प्लांट में काम कर रहा था।

परिजन बुधवार को रायपुर में पोस्टमार्टम के बाद शव को सीधे प्लांट के मुख्य गेट पर ले आए और शव को गेट पर रखकर धरना दिया। उचित मुआवजा के अलावा मृतक रमेश जांगड़े के आश्रित को नौकरी तथा घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की।

जानकारी के मुताबिक ग्राम नांदगांव निवासी रमेश कुमार जांगड़े 50 साल कंपनी की स्थापना के समय करीब 17 साल से शिवालिक स्टील प्लांट में कार्यरत थे। वे परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। परिजनों के मुताबिक 22 मार्च 2026 की रात रमेश नाइट शिफ्ट में थे। तभी मेटल गलाने के दौरान एक जूनियर कर्मचारी की कथित लापरवाही से उबलते मेटल के गर्म लावा का कण रमेश की आंख में चला गया और वह गंभीर रूप से झुलस गया।

मृतक के छोटे भाई सनत ने बताया कि आंख में हाई इन्फेक्शन फैल गया और आंख से दिमाग होते हुए सिर के अन्य नसों तक पहुंच गया। इससे रमेश पैरालाइज हो गया। करीब तीन महीने तक इलाज चला और 22 जून को रमेश की मौत हो गई।

परिजनों का कहना है कि हादसे के बाद प्लांट प्रबंधन ने अच्छे इलाज की सुविधा देने की बात कही थी। साथ ही देखरेख के लिए लिए व्यवस्था की बात भी कही थी। लेकिन कर्मचारी की मौत के बाद प्रबंधन मुआवजा देने से मुकर गया। इसके बाद परिजन शव घर ले जाने के बजाय प्लांट के सामने रखकर प्रदर्शन करने लगे।

लगातार 17 साल सेवा देने के बाद मौत से परिवार भडक़ उठा और प्लांट के मेन गेट के सामने शव रखकर घंटों प्रदर्शन किया। परिवार का आरोप है कि रोजाना 12 से 16 घंटे तक रमेश से काम कराया गया लेकिन भुगतान सिर्फ  8 घंटे का होता रहा।

 मृतक के छोटे भाई सनत जांगड़े और पत्नी भानमती जांगड़े ने आरोप लगाते बताया कि हादसे के बाद 22 मार्च को प्रबंधन ने हमें बिना कोई सूचना दिए रमेश को रायपुर के टिकरापरा थाना क्षेत्र के एक अस्पताल में भर्ती करा दिया। दो दिनों तक परिवार को घटना की भनक तक नहीं लगी। 14 अप्रैल को हालत बिगडऩे पर परिजनों के दबाव के बाद उन्हें रामकृष्ण केयर अस्पताल में भर्ती कराया गया।

रमेश जांगड़े अपने पीछे पत्नी भानमती, तीन बेटियां छोड़ गये हैं। घर के इकलौते कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों का हाल बेहाल है। परिजनों का कहना है कि हादसा होने के बाद कंपनी प्रबंधन अपनी जिम्मेदारी से भाग रहा है। मामले को  रफा-दफा करने के लिए राजनीतिक व प्रशासनिक दबाव बनाया जा रहा है।

मृतक के छोटे भाई सनत जांगड़े ने बताया कि 22 मार्च से 14 अप्रैल के बीच प्रबंधन रमेश को एमजीएम अस्पताल ले जाता था। वहां सिर्फ  ऊपरी ट्रेसिंग कराकर वापस प्लांट में बैठा दिया जाता था। इलाज के दौरान परिवार के किसी सदस्य को साथ नहीं जाने दिया जाता था। ठीक होने का झूठा दिलासा देकर घर भेज दिया जाता था।

मृतक की पत्नी को आजीवन वेतन देगा प्रबंधन

तहसीलदार जुगल किशोर पटेल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। पीडि़त परिवार और प्लांट प्रबंधन के बीच बातचीत का रास्ता निकालने का प्रयास किया गया है।

उन्होंने बताया कि मृतक के परिजनों और प्लांट प्रबंधन के बीच आपसी समझौता हो गया है। प्रबंधन मृतक की पत्नी को आजीवन वेतन देगा। बच्चों की पढ़ाई-लिखाई को लेकर भी दोनों पक्षों में समझौता हुआ है।


अन्य पोस्ट