महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
पिथौरा, 22 जून। समीप के ग्राम ठाकुरदिया खुर्द स्थित रामकुटि परिसर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 12 कुंडीय राम नाम महायज्ञ एवं प्रकाश पर्व का भव्य आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। उक्त आयोजन में महासमुंद लोकसभा के पूर्व सांसद चुन्नीलाल साहू, भारतीय जनता पार्टी महासमुंद के जिलाध्यक्ष येतराम साहू एवं भाजपा नेता आनंद साहू विशेष रूप से सम्मिलित हुए। सभी अतिथियों ने यज्ञ में आहुति देकर एवं दीप प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व को मजबूत करने का संकल्प लिया।
12 कुंडीय राम नाम महायज्ञ मे 12 वैदिक कुंडों में आचार्यों के सानिध्य में राम नाम की आहुतियां दी गईं। चुन्नीलाल साहू एवं येतराम साहू के करकमलों से 1200 मिट्टी के दीप प्रज्वलित कर ‘मोदी जी के 12 साल, सेवा-सुशासन-विकास’ का संदेश दिया गया। 12 ब्राह्मण भोज एवं सम्मान सहित 12 विप्रवरों को शाल-श्रीफल एवं दक्षिणा से सम्मानित कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया।
12 समाज प्रमुखों का सम्मान
पीएम मोदी जी के ‘सबका साथ-सबका विकास’ के मंत्र को चरितार्थ करते हुए क्षेत्र के 12 समाज प्रमुखों का सम्मान कर राष्ट्र निर्माण में सहभागिता का संकल्प लिया गया।12 प्रजाति के 12 फलदार वृक्षारोपण मे ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत आम, पीपल, बरगद, नीम, बेल आदि 12 प्रजाति के 12 फलदार-छायादार पौधे रोपित किए गए।
उक्त आयोजन में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, संत-महात्मा, भाजपा कार्यकर्ता एवं भारी संख्या में मातृशक्ति उपस्थित रहीं। इस आयोजन के संयोजक अजय नायक थे। कार्यक्रम में आयोजक प्रभु श्रीरामचन्द्र सनातन चेतना संस्थान समिति ठाकुरदिया खुर्द के सभी सदस्य उपस्थित रहे।