महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,18 जून। नगर पालिका द्वारा शहर से एकत्रित किए जा रहे गीले कचरे के वैज्ञानिक प्रसंस्करण से बड़ी मात्रा में जैविक खाद तैयार की गई है। इस जैविक खाद का विक्रय अब किसानों एवं आम नागरिकों को किया जाएगा। नगर पालिका अध्यक्ष निखिलकांत साहू ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि वे अपनी फसलों में रासायनिक उर्वरकों के साथ-साथ जैविक खाद का ंंअधिक से अधिक उपयोग करें। नगर पालिका के स्वच्छता दीदियों द्वारा तैयार की गई यह खाद मिट्टी की उर्वरक क्षमता बढ़ाने,फसलों की गुणवत्ता सुधारने तथा पर्यावरण संरक्षण में सहायक है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी सौरभ शर्मा ने बताया कि स्वच्छता एवं अपशिष्ट प्रबंधन के तहत गीले कचरे को उपयोगी जैविक खाद में परिवर्तित किया जा रहा है। वर्तमान में बड़ी मात्रा में जैविक खाद उपलब्ध है, जिसे निर्धारित दर पर किसानों को उपलब्ध कराया जाएगा। नगर पालिका ने क्षेत्र के किसानों से इस जैविक खाद का लाभ उठाने एवं प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने की अपील की है। इससे जहां एक ओर खेती की लागत कम होगीए वहीं स्वच्छ एवं हरित वातावरण के निर्माण में भी सहयोग मिलेगा।