महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,17जून। आम आदमी पार्टी ने राज्य सरकार द्वारा घरेलू बिजली की दरों में इस साल 30 से 50 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि को जनता के साथ अन्याय करार दिया है। आप के कार्यकारी जिला अध्यक्ष राकेश झाबक ने कहा कि पिछले साल भी 10 से 20 पैसे प्रति यूनिट की वृद्धि की गई। इस साल भी बिजली दरों में वृद्धि आम जनता की जेब पर सीधे डकैती डालने जैसा है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सरप्लस बिजली वाला राज्य है, अपने ही राज्य में आम जनता महंगी बिजली खरीदने को मजबूर है। यह समझ नहीं आता है कि एक तरफ 600 करोड़ रुपए बिजली बिल बड़े बकायेदारों से वसूल नहीं पा रही है और दूसरी ओर जनता पर लगातार बोझ डाल रही है। श्री झाबक ने कहा कि पहले ही प्रदेश की जनता बिजली बिल और बिजली कटौती से परेशान है। जब से भाजपा की सरकार आई है, तब से प्रत्येक घरों का बिजली बिल दोगुना से तीन गुना ज्यादा आ रहा है। सरकार ने बिजली बिल हाफ योजना भी बंद कर दी है। सरकार को कंपनियों का खर्च कम करने के बजाय आम उपभोक्ताओं पर भार डाल रही है। उन्होंने कहा कि यदि बिजली की बढ़ी दरें सरकार वापस नहीं लेगी, तो आने वाले समय में आम आदमी पार्टी महंगी बिजली के विरोध करेंगी।


