महासमुन्द
किसानों को दी आधुनिक व जैविक कृषि की जानकारी
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
बागबाहरा, 16 जून। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा एवं भाजपा जिला महासमुंद के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को बागबाहरा कृषि उपज मंडी परिसर में किसानों के लिए प्राकृतिक एवं जैविक खेती विषयक कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता करते हुए प्राकृतिक खेती, उन्नत कृषि तकनीकों तथा कृषि आधारित स्वरोजगार के विभिन्न आयामों की जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश के खाद्य एवं प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में महासमुंद सांसद रूपकुमारी चौधरी, पूर्व राज्य मंत्री एवं कार्यक्रम की मुख्य वक्ता पूनम चंद्राकर तथा छत्तीसगढ़ राज्य बीज एवं कृषि विकास निगम के अध्यक्ष चंद्रहास चंद्राकर उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने उद्बोधन में किसानों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से बचते हुए प्राकृतिक एवं जैविक खेती अपनाने का आह्वान किया तथा किसानों की आय बढ़ाने के लिए केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में कृषि वैज्ञानिक कुणाल चंद्राकर एवं मुकेश कुमार पांडे ने किसानों को प्राकृतिक खेती, जैविक खाद निर्माण, मृदा स्वास्थ्य संरक्षण तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती न केवल उत्पादन लागत को कम करती है बल्कि भूमि की उर्वरता और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
कार्यशाला में कृषि विभाग, उद्यानिकी विभाग, पशुपालन विभाग एवं मत्स्य विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई। साथ ही किसानों को कृषि एवं उद्यानिकी से संबंधित उपयोगी सामग्री, बीज तथा विभागीय लाभकारी योजनाओं का वितरण भी किया गया।
उन्नतशील किसानों ने अपने अनुभव साझा करते हुए आधुनिक एवं लाभकारी कृषि पद्धतियों के बारे में किसान साथियों को अवगत कराया तथा खेती में नवाचार अपनाने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों को आत्मनिर्भर बनाने एवं खेती को लाभकारी व्यवसाय बनाने के लिए अनेक ऐतिहासिक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक खेती वर्तमान समय की आवश्यकता है, जिससे किसानों की लागत कम होगी, उत्पादन की गुणवत्ता बढ़ेगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक पद्धतियों को अपनाकर कृषि क्षेत्र में नई संभावनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष येतराम साहू,बसना विधायक डॉ. सम्पत अग्रवाल, संभाग प्रभारी राजीव सिंह, मोर्चा-प्रकोष्ठ प्रदेश सह संयोजक चुन्नीलाल साहू, पूर्व विधायक प्रीतम सिंह दीवान, पूर्व विधायक रामलाल चौहान, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष अल्का चंद्राकर, जिला महामंत्री थानसिंह दीवान एवं जितेंद्र त्रिपाठी, किसान मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य सतपाल सिंह छाबड़ा एवं नरेश चंद्राकर, महिला मोर्चा प्रदेश मंत्री पुष्पलता चौहान, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष पिलेश्वर पटेल, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष स्मिता हितेश चंद्राकर, जिला पंचायत अध्यक्ष मोंगरा पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर,सभापति रवि फरोदिया, किसान मोर्चा जिला महामंत्री माधव साव एवं देवेंद्र चंद्राकर, जिला उपाध्यक्ष सतपाल सिंह पाली, कृष्ण कुमार साहू, हरप्रसाद पटेल, जान्हवी साहू, जिला मंत्री कुमारी भास्कर, कल्पना सिन्हा,नवीन कुमार साव, आनंद साहू बागबाहरा शहर मंडल अध्यक्ष डिंपल डॉली ध्रुव, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रूपेश साहू, मनोजदास, ममता साहू, झंनकराम चौधरी, कृष्ण कुमार नायक,राधे साहू, लालसिंह नायक,पितांबर साहू,सहित भाजपा एवं किसान मोर्चा के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


