महासमुन्द
29 गांवों में स्कूल का अपना भवन नहीं
जिले के 113 स्कूलों के लिए स्वीकृत राशि के बावजूद काम पूरा नहीं
96 लाख मंजूर, आधी रकम खर्च, फिर भी 97 स्कूलों की मरम्मत नहीं, 54 भवन उपयोग के लायक नहीं
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16जून। नए बस्ते और नई उम्मीदों के साथ आज से बच्चे स्कूल पहुंचने लगे हैं लेकिन महासमुंद जिले की तस्वीर अच्छी नहीं है। यहां के सरकारी स्कूलों की हालत ऐसी है कि बच्चों के सिर पर छत कब गिर जाए कहा नहीं जा सकता। हैरानी की बात यह है कि मरम्मत के लिए लाखों की राशि जारी होने के बावजूद काम पूरा नहीं हुआ और नौनिहालों की जान आफत में हैं।
जानकारी अनुसार महासमुंद जिले में कुल 1517 सरकारी स्कूल संचालित हैं जिनमें से 54 स्कूल पूरी तरह से खस्ताहाल हैं और वो इस्तेमाल के लायक नहीं हैं। पिछले सत्र में 2 सितंबर 2025 को प्रशासन ने 113 स्कूलों की मरम्मत के लिए 96 लाख 39 हजार रुपए की स्वीकृति दी थी। नियमानुसार इसकी पहली किस्त के रूप में 50 फीसदी राशि 48 लाख 19 हवार रुपए जारी भी की गई। इसके बाद स्कूलों की मरम्मत का काम 3 महीने के भीतर पूरा करना था, लेकिन 9 महीने में महज 16 स्कूलों का ही काम पूरा हो पाया है। कई जगहों पर तो काम शुरू होना तो दूर, ईंट तक नहीं रखी गई है। आधी राशि मिलने के बाद भी ठेकेदारों और दारों और विभाग की यह सुस्ती अब मासूम बच्चों की जान पर भारी पड़ सकती है।
महासमुंद जिले की बगारपाली प्राथमिक स्कूल भवन का स्लैब उखडऩे से बच्चों पर खतरा है। साथ ही जिले के 29 गांव ऐसे जहां स्कूल का अपना कोई सरकारी भवन नहीं हैं। पिथौरा ब्लॉक के 11 गांवों में स्कूल भवन नहीं हैं। इसी तरह बागबाहरा में 7,बसना में 6, सरायपाली में 4 और महासमुंद ब्लॉक के सोरिद में 1 स्कूल भवन विहीन है। यहां बच्चे आंगनबाड़ी या पंचायत भवनों में जगह की कमी के बीच जैसे.तैसे पढ़ कर रहे हैं।
प्राथमिक शाला भवन परसवानी का खस्ताहाल है और यहां भी सामुदायिक केंद्रों समेत समाज के भवनों में क्लास लगती है। विभाग की मानें तो जिले में 133 स्कूल डिस्मेंटल तोड़े जाने योग्य हो चुके हैं। भवन की कमी के कारण अब बच्ने सामुदायिक भवनों,राजीव गांधी वाटर शेड मिशन के दफ्तरों, गोंडवाना भवन और कंवर समाज के सामुदायिक भवनों में बैठने को मजबूर हैं। इसी तरह भोरिंग के शा.उ.प्रा.शाला बालक के बच्चे हाईस्कूल भवन में दूसरी शिफ्ट में पढ़ाई करते हैं।
महासमुंद डीईओ बीएल देवांगन ने कहा कि पंचायतों को मरम्मत के लिए राशि जारी की जा चुकी है। लेट के चलते मरम्मत कार्य पूर्ण नहीं हो पाया है। जल्द ही काम पूरा करने कहा गया है। ताकि बच्चों को बैठने में आसानी हो। जहां स्कूल नहीं है,वहां सामुदायिक भवनों में व्यवस्था बनाई गई है।
5 स्कूलों में शौचालय नहीं
बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के दौर में महासमुंद के 5 स्कूलों में आज भी शौचालय की व्यवस्था नहीं है। यहां की छात्राओं को शौच के लिए खुले मैदानों में जाना पड़ता है। इस स्थिति के कारण छात्राओं ने स्कूल आने से संकोच करना शुरू कर दिया है, जिससे दर्ज संख्या लगातार कम हो रही है। छात्राओं के साथ छेडख़ानी की आशंका रहती है।