महासमुन्द
‘छत्तीसगढ़’ संवाददाता
महासमुंद,16जून। दस माह से फरार गांजा तस्करी का मुख्य अंतरराज्यीय आरोपी कंभुपानी बिशोई ओडिशा से गिरफ्तार हुआ है। महासमुंद पुलिस को एंड टू एंड विवेचना में फरार आरोपी वाहन मालिक को पकडऩे में सफलता मिली है।
मामला 22 जुलाई 2025 का है, जब आरोपी कंभूपानी बिशोई का भाई आरोपी अमूल्य बिशोई द्वारा कार में गांजा लेकर जा रहा था। थाना खल्लारी क्षेत्रांतर्गत एनएच 353 रोड हाड़ाबंद ओव्हरब्रिज के पास आरोपी ने तेज रफ्तार और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए एक मोटरसाइकिल चालक को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे उक्त बाइकचालक की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के बाद आरोपी पुलिस के डर से कार और उसमें रखा गांजा कीमत लगभग 28 लाख, 49 हजार को छोडक़र मौके फरार हो गया था।
वाहन से 190 किलोग्राम 01 क्विंटल 90 किलो ग्राम गांजा बरामद हुआ था। थाना खल्लारी में आरोपी के विरुद्ध धारा 20 ख और 281, 125-1, 125, 106-1 के तहत मामला दर्ज था। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस टीम ने चिल्का गंजाम ओडिशा में दबिश देकर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
इस तरह गांजा तस्करी के कुल 36 प्रकरणों में अब-तक एंड-टू-एंड कार्यवाही करते हुए सोर्स से लेकर डेस्टिनेशन पॉईट तक पूरे चैनल को तोडऩे में महासमुंद पुलिस को सफलता मिल चुकी है। इस बार महासमुंद पुलिस और साइबर थाना की संयुक्त टीम ने एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए 10 महीने से फरार चल रहे अंतरराज्यीय गांजा तस्कर आरोपी कंभुपानी बिशोई को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी न केवल अवैध मादक पदार्थ की तस्करी में लिप्त था, बल्कि आरोपी वाहन मालिक के चालक की लापरवाही से एक व्यक्ति की जान भी गई थी।